BEDHADAK NEWS

BedhadakNews.in

रायबरेली से मैदान में होंगी सोनिया, कांग्रेस की तैयारी तेज

 

– प्रदेश अध्यक्ष अजय राय कांग्रेस की खोई जमीन को खाद-पानी देने में जुटे

लखनऊ। कांग्रेस के अभेद्य किले को जीतने के लिए भाजपा 10 साल से परेशान है। इस बार चकचक हुई कि शायद मौजूदा सांसद और यूपीए की अध्यक्ष सोनिया गांधी चुनाव मैदान न उतरें लेकिन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने साफ कर दिया कि सोनिया गांधी ही रायबरेली से एक बार फिर चुनाव मैदान में होंगी। इस पर कांग्रेस तैयारी में जुट गई है। कृष्ण जन्माष्टमी पर नगर पालिका द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करने आए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने सभी अटकलों पर विराम लगाते हुए कहा था कि सोनिया गांधी को भारी मतों से जीत दिलाई जाएगी। इसके लिए पार्टी जुट गई है। वहीं अजय राय जिस तरह अमेठी, रायबरेली और वाराणसी के लिए राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी का नाम आगे कर प्रदेश में कांग्रेस की खोई राजनीतिक जमीन को पाने का प्रयास कर रहे हैं उससे आने वाले दिनों में अमेठी, रायबरेली, वाराणसी और प्रयागराज से जुड़े जिलों की लोकसभा सीटों का मिजाज बदलना तय माना जा रहा है।

कांग्रेस अपने गढ़ को जीत के लिए एक बार फिर से सोनिया गांधी को चुनाव मैदान में उतारेगी। साथ ही जिस तरह से इंडिया बनाम एनडीए चल रहा है उससे साफ है कि प्रदेश की राजनीति आने वाले दिनों में करवट लेगी। कांग्रेस ने प्रदेश की कमान तेज तर्रार नेता अजय राय को सौंपी है जो अपनी बेबाकी से खासे चर्चित हैं। कांग्रेस थिंकटैंक को उम्मीद है कि अजय राय सन 2004 का करिश्मा दोहरा सकते हैं। वहीं अजय राय भी अमेठी, रायबरेली के साथ वाराणसी, प्रयागराज, फूलपुर, जौनपुर के लिए खास रणनीति बना रहे हैं। उनका मानना है कि यदि राहिुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी लोकसभा में चुनाव मैदान पर उतरेंगे तो तस्वीर बदली नजर आएगी।

रायबरेली में आ सकता है भारत जोड़ो अभियान का काफिला

सूत्र बता रहे हैं कि राहुल गांधी भारत जोड़ो अभियान का दूसरा चरण शुरू करेंगे। यह अभियान गुजरात के द्वारिका से शुरू होगा और पूर्वी भारत तक जाएगा। ऐसे में यह रायबरेली, अमेठी होकर भी गुजरेगा। इस चरण के जरिए राहुल गांधी उत्तर प्रदेश की उन लोकसभा सीटों से होकर भी जाएंगे जहां से कांग्रेस कभी जीत चुकी है और जीतने की संभावना है।

बूथ स्तर पर लिया जाएगा मोर्चा

कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष अजय राय बूथवार पर अडिग हैं। वह मानते हैं कि बूथ जीतकर ही लोकसभा सीट का चुनाव जीता जाता है। ऐसे में कांग्रेसियों को बूथ जीतने का मंत्र दे रहे हैं। अजय राय का मानना है कि रायबरेली, अमेठी में इस बार जीत का अंतर पार्टी का बहुत अधिक रहेगा। अमेठी में लोगों ने पहले से ही मन बना लिया है कि किसे जीतना है।

उद्यान राज्य मंत्री कर रहे जनसंपर्क

भाजपा से सोनिया गांधी के सामने उतरेगा यह अभी क्लीयर नहीं है लेकिन उद्यान राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ताबड़तोड़ जन संपर्क कर रहे हैं। वह कह चुके हैं कि पार्टी यदि उनको मैदान में उतारती है तो वह जीत का तोहफा देंगे। यदि नहीं भी उतारती है तो जिसे पार्टी मैदान में लाएगी वह उसके लिए पूरी ताकत लगा देंगे।

रायबरेली नगर पालिका की जीत से कांग्रेस का मनोबल बढ़ा

विषम परिस्थिति में जिस तरह से नगर पालिका के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी शत्रोहन सोनकर ने जीत हासिल की उससे यह भी कहीं न कहीं बताने की कोशिश की है कि रायबरेली का मतदाता कुछ भी कर सकता है। वह स्थिति को देख फैसला करता है और फिर चौंकाता है। पूरे प्रदेश में रायबरेली नगर पालिका में कांग्रेस की जीत सियासी गलियारों में चर्चा का विषय रही है। यह जीत उस समय हुई जब रायबरेली की किसी भी विधानसभा में कांग्रेस को जीत नहीं मिली थी।