BEDHADAK NEWS

BedhadakNews.in

आखिर क्यों बेटे को जंजीरों से एक पिता को पड़ा बांधना

इंटरनेट मीडिया वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने लिया संज्ञान, जांच में जुटी
रायबरेली। हर माता-पिता को अपनी संतान सबसे प्रिय होती है। लेकिन एक कलियुगी पिता अपने बेटे को लगभग एक सप्ताह से जंजीर के सहारे अपनी बाग में आम के पेड़ से बांध कर तालिबानी सजा दे रहा है। बुधवार को इंटरनेट मीडिया पर वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
खीरों क्षेत्र के गांव नयाखेड़ा मजरे धुराई निवासी चतुरी लोधी के चूना लोधी,नैसतराम लोधी, बाला लोधी सहित तीन बेटे हैं। पिता के आचरण से त्रस्त होकर बड़ा बेटा चूना लोधी और छोटा बेटा बाला लोधी सपरिवार शहरों में मजदूरी करते हैं। मझले बेटे नैसतराम की शादी लगभग चार वर्ष पूर्व उन्नाव जिले के थाना क्षेत्र मौरावां के गांव उन्नतखेड़ा में हुई थी। लेकिन शादी के लगभग डेढ़ वर्ष बाद पिता चतुरी के आचरण के कारण बेटे-बहू में सम्बंध विच्छेद हो गया। उसके बाद से बेटा नैसतराम गुमसुम सा रहने लगा और नशे का आदी हो गया। लगभग एक सप्ताह पूर्व से पिता चतुरी ने नैसतराम को तालिबानी सजा देते हुए मवेशी बांधने की जंजीर के सहारे नया गुमदापुर गांव के पास स्थित देवर बाबा मन्दिर के नजदीक अपनी बाग में आम के पेड़ से बांध दिया। पिता का कहना है कि नैसतराम बीमार है। वह उसका इलाज करा रहा है। गांव के युवाओं की संगत में पड़कर बर्बाद न हो जाए। इसलिए बांधकर रखा है। थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि वायरल वीडियो के जरिए मामला संज्ञान में आया है। जांचकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।