BEDHADAK NEWS

BedhadakNews.in

पिता, बेटी और दामाद की गोली मारकर हत्या

– आक्रोशित लोगों ने कई घरों में लगाई आग, पथराव में तहसीलदार और छह सिपाही घायल

कौशांबी। शुक्रवार को कौशांबी दहक उठा। हर्रायपुर गांव में गुरुवार की रात घर के बाहर सो रहे पिता, बेटी और दामाद की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सुबह शव खून से सना मिला तो गांव में कोहराम मच गया। सूचना पर मौके पर भारी तादाद में पुलिस पहुंच गई। शव को पोस्टमार्टम की तैयारी करता देख लोग आग बबूला हो गए। इसके बाद बवाल शुरू हो गया। आगजनी और पथराव से पुलिस कर्मियों में अफरी-तफरी मच गई। घटना में तहसीलदार और छह सिपाही घायल हो गए। मौके पर पहुंचे उच्चाधिकारियों ने किसी तरह से बवाल कर रहे ग्रामीणों को समझाते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने आधा दर्ज से अधिक लोगो के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। वहीं एक आरोपित की गिरफ्तारी भी कर ली गई है। हत्या की वजह जमीन का विवाद बताया जा  रहा है।
मृतक होरी लाल का संदीपन घाट पर पट्‌टा है। होरीलाल,  अपनी बेटी बृजकली और दामाद शिवसागर के साथ उसी जमीन पर झोपडी बनाकर रह रहे थे। आरोप है कि गांव के ही सुभाष समेत अन्य लोगों से इस जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। गुरुवार देर शाम होरीलाल, बेटी-दामाद के साथ झोपड़ी में आ गए। रात में खाना पीना करने के बाद घर के बाहर सो गए। सुबह जब आस-पास के लोग उठे तो चारपाई में खून से लथपथ लाश देख चीख पुकार शुरु हो गयी। सूचना मिलते ही अफसरों में खलबली मच गई। संदीपन घाट की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया तो ग्रामीण विरोध पर उतर आए। बवाल बढ़ता देख अफसरों के होश उड़ गए। इसके बाद काफी देर तक आगजनी-बवाल होता रहा। इतना ही नहीं आरोपित पक्ष के घरों में ताला बंद देख लोगों का पारा चढ़ गया। इस दौरान पड़ोस के 7-8 घरों को आग लगा दी। कई दुकानो और गाड़ियों को फूंक दिया। बवाल बढ़ता देख पुलिस ने अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद मौके पर एडीजी, कमिश्नर, आईजी, एसपी और चायल और सिराथू के सीओ मौके पर पहुंच गये और मोर्चे को संभालने की कोशिश में लग गए। देखते ही देखते जिले भर की फोर्स और तीन पीएसी बटालियन भी पहुंच गई। पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया। जगह-जगह बैरिकेडिंग कर दी गई। आरोपियो की तलाश में पुलिस की आठ टीमें लगाई है।
इनसेट
यहां से शुरू हुआ विवाद
साल 2010 में इस विवादित जमीन का मृतक होरी लाल ने पट्टा कराया था। तीन साल से होरी लाल अपनी एक बीघा जमीन पर कब्जे की मांग कर रहा था। दो दिन पहले गांव में चकबंदी अधिकारियों ने नाप कर पट्टा धारकों को जमीन नाप कर दी थी। उसके बाद जमीन पर लोग निर्माण करा रहे थे। आरोपी सुभाष पक्ष जमीन को अपनी पुश्तैनी जमीन बताकर कब्जा करने की कोशिश करना चाहता था। मृतक होरी लाल छप्पर बनाकर उसी में सोता था। वारदात के समय भी वह बेटी और दामाद के साथ सो रहे थे। इस संबंध में मृतक ने सांसद विनोद से मिलकर अपनी पीड़ा को बताया था। उन्होंने न्याय का आश्वासन भी दिया।
 
एसपी बोले

एसपी बृजेश श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में चार लोगों के नाम की जानकारी हुई है। जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हालात अब काबू में है।