
– मंगलवार की शाम को महिला ने बच्चे को दिया था जन्म, दिनभर चला हंगामा
शशांक सिंह राठौर
रायबरेली। शहर के निजी नर्सिंग होम में प्रसव के बाद जच्चा की मौत हो गई। मामले को लेकर महिला के परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया। मामले को लेकर जिला प्रशासन से कार्रवाई की मांग की गई है। घटना की तहरीर कोतवाली सदर में दी गई है। जिले में निजी नर्सिंग होमों में इलाज में लापरवाही नहीं थम रही है। पिछले दो महीने में कई घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदारों की नींद नहीं टूट रही है। बुधवार को कैनाल रोड स्थित गीता नर्सिंग होम में भी जमकर हंगामा हुआ। प्रसव के बाद महिला की अचानक तबीयत बिगड़ गई और फिर उसकी मौत हो गई। खास बात यह रही कि इस दौरान कोई भी चिकित्सक उसे देखने के लिए नहीं आया। सुबह चार बजे जब शोर हुआ तो चिकित्सक महिला को लेकर आईसीयू लेकर गईं लेकिन वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद अस्पताल में महिला के परिजनों से जमकर हंगामा किया। मामले में नर्सिंग होम संचालक गीता शर्मा कहना है कि अनीता का बीपी पहले से ही हाई था। अस्पताल में हर तरह की ऑटोमेटिक मशीन लगी है जो बीपी से लेकर पल्स को काउंट करती हैं। इलाज में लापरवाही से महिला की मौत नहीं हुई है। मृतका अनीता सिंह के पति संदीप सिंह सेना में हैं। बताते हैं कि वह भारतीय सेना में अधिकारी पद पर हैं। मामले की जानकारी उनको को भी दी गई है। परिवार को लोगों का कहना है कि इलाज में लापरवाही और अनदेखी से अनीता की जान चली गई। अनिल सिंह का कहना है कि वह नर्सिंग होम को बंद कराएंगे और आरोपियों को सख्त सजा दिलवाएंगे।

मृतका के भाई व गहरौली सरेनी निवासी अनिल सिंह का कहना है कि वह अपनी बहन अनीता सिंह पत्नी सचिन सिंह निवासी लखनऊ को मंगलवार दोपहर नर्सिंग होम में भर्ती करा गए थे। इस दौरान सिजेरियन से प्रसव कराने की बात कही गई, जिस पर सभी राजी हो गए और शाम को एक बच्चे का जन्म हो गया। अनिल का कहना है कि रात 8 बजे तक बहन बिल्कुल ठीक थी लेकिन रात 12 बजे उसे तकलीफ हुई जिस पर नर्सिंग होम में मौजूद स्टॉफ को बुलाया गया लेकिन कोई नहीं आया। रात 2 बजे अनीता मरणासन्न हो गई तो परिवार को लोगों ने शोर मचाना शुरू किया जिस पर स्टॉफ के कुछ लोग पहुंचे और अनीता को लेकर आईसीयू ले गए जहां सुबह 4 बजे उसे मृत घोषित कर दिया गया। इसकी जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। नर्सिंग होम में हंगामा होने से स्टाफ के लोग भाग गए। पीड़ित अनिल ने मामले की जानकारी सदर कोतवाली पुलिस को दी जिस पर पुलिस ने बयान लिए तथा मामले की जांच शुरू कर दी। सीएमओ डा. वीरेंद्र सिंह का कहना है कि शिकायत मिलने पर जांच कराई जाएगी।
More Stories
मटिहा के मैदान में चमके टेनिस के सितारे, मेजर निर्भय चैंपियन
ईटीएफ मास्टर टेनिस चैंपियन बने नितिन और सुनील
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने फहराया तिरंगा, राष्ट्रगान की गूंज के साथ दी सलामी