BEDHADAK NEWS

BedhadakNews.in

बिरसा मुंडा के संघर्षों को किया याद, दी श्रद्धांजलि

भारतीय बौद्ध महासभा उत्तर प्रदेश पंजीकृत रायबरेली में विचार गोष्ठी और सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता की समीक्षा

 

शशांक सिंह राठौर

रायबरेली : भारतीय बौद्ध महासभा उत्तर प्रदेश की ओर से बिरसा मुंडा की जयंती पर विचार गोष्ठी का आयोजिन डा. अंबेडकर बुद्ध विहार पंचशील नगर बालापुर में आयोजित की गई। इसमें आजादी के महानायक बिरसा मुंडा के जीवन संघर्षों पर प्रकाश डाला गया। साथ ही 19 नवंबर को महासभा द्वारा आयोजित डॉ अंबेडकर सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता की तैयारियों की समीक्षा भी की गई। गोष्ठी में बिरसा मुंडा के जीवन संघर्षों को याद करते हुए महासभा के जिलाध्यक्ष डॉ सुनील दत्त ने कहा कि बिरसा मुंडा एक सच्चे देशभक्त थे। उन्होंने आजादी के आंदोलन में आदिवासी समाज की तरफ से ब्रितानिया हुकूमत से लोहा लिया था। उन्होंने महज 25 वर्ष की अवस्था में आदिवासी समाज में जल, जंगल, जमीन, समाज और संस्कृति की रक्षा के लिए आंदोलन चलाया था। उनकी शहादत को देश कभी भुला नहीं सकता है।

विश्व दलित परिषद के अध्यक्ष राजेश कुरील ने कहा कि बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को मुंडा जनजाति में हुआ था। उनके पिता का नाम सुगना मुंडा और माता का नाम करमा मुंडा था। उन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ उलगुलान क्रांति की शुरुआत की। उन्हें धरती आबा के नाम से जाना जाता है। रोहित प्रतिपक्षी ने कहा कि बिरसा मुंडा को भगवान बिरसा मुंडा के रूप में आदिवासी समाज पूजता है। उन्होंने न केवल झारखंड ही नहीं अपितु उसके आसपास के राज्यों छत्तीसगढ़, उड़ीसा, पश्चिम बंगाल और बिहार में क्रांति की मिसाल जलाई थी। 10 नवंबर 2021 को भारत सरकार ने उनके जन्मदिन 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस मनाने की घोषणा की थी, तब से प्रतिवर्ष 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाता है।

राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिला महामंत्री डॉ गोविंद सिंह, बुद्ध विहार के संरक्षक राम प्रसाद बौद्ध, सूरज यादव, शिव कुमार, सरोज अनिल कुमार ने भी उनके जीवन पर प्रकाश डाला। इस विचार गोष्ठी का संचालन महासभा के महामंत्री प्रमोद कुमार बौद्ध ने किया। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि 19 नवंबर को जनपद के दो स्थानों पर डॉ अंबेडकर सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है, जिसमें जूनियर और सीनियर संवर्ग के छात्र- छात्राएं प्रतिभाग करेंगें। यह प्रतियोगिता प्रदेश स्तर पर आयोजित की जा रही है। इस प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागियों को महासभा द्वारा पुरस्कृत एवं सम्मानित भी किया जाएगा। डॉ आंबेडकर सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के संचालन के लिए डॉ सुनील दत्त, डॉ गोविंद सिंह, राजेश कुरील, रोहित प्रतिपक्षी, प्रमोद कुमार बौद्ध, शिवकुमार और भीम कुमार को परीक्षा प्रभारी बनाया गया है। गोष्ठी में महासभा के प्रबुद्ध कैलेंडर, प्रबुद्ध डायरी, प्रबुद्ध सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता और प्रबुद्ध शैक्षिक परामर्श केंद्र पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर चंद्रशेखर मेधांकर, राखी, कमल कुमार अहिरवार, जगदीश प्रसाद रावत, रमेश रावत, बौद्ध भिक्षु जितेंद्र वर्धन, डॉ कमल सील, रमेश कुमार, सुहानी, उषा, आशा, अर्पिता, अमृता, अनुपमा कौशल, लालता प्रसाद, चंद्र प्रकाश आदि मौजूद रहे।