
रायबरेली। अमेठी लोकसभा सीट वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में पूरे देश की निगाह में होगी। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी एक तरफ होंगी तो दूसरी तरफ कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के होने की संभावना है। ऐसे में पिछले चार माह से यह सीट राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गई है। भाजपा के रिपोर्ट कार्ड में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी डिक्टेंशन लेकर पास हुई हैं तो वहीं राहुल गांधी इंडिया गठबंधन का नाम देने के बाद से अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। हालांकि अब हालात अमेठी में पहले जैसे नहीं रह गए हैं जिस कारण इस बार दीपावली पर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और कांग्रेस की तरफ से लोगों को उपहारों का सौगात दी गई। वहीं शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री एक बार फिर से सलोन विधानसभा के छतोह में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने आ रही हैं। केंद्रीय मंत्री के पिछले तीन माह से अमेठी और सलोन में ताबड़तोड़ कार्यक्रम लग रहे हैं। सियासी जानकारों का मानना है कि स्मृति ईरानी अमेठी की सियासी जमीन को और मजबूत करने के लिए लगातार कार्यक्रम में हिस्सा ले रहीं हैं।
अमेठी लोकसभा सीट की हार-जीत में सलोन विधानसभा के मतदाताओं का अहम रोल रहता है। एक तरह से कहा जाए तो अमेठी में जीत का रास्ता रायबरेली से निकलता है। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रहीं और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को सलोन से अच्छा खासा वोट मिला था। नतीजा यह रहा था कि स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी को हरा दिया था। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में फिर से अमेठी हॉट सीट बनने जा रही है। भाजपा थिंकटैंक के रिपोर्ट कार्ड में स्मृति ईरानी अच्छे नंबर से पास हुई है और पार्टी को उनकी फिर से जीत पर विश्वास है। असल में अमेठी में स्मृति ईरानी ने भाजपा का वोटबैंक खड़ा कर दिया है जो कांग्रेस के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। खासकर सलोन विधानसभा में भाजपा का कब्जा है और वोट बैंक के लिहाज से यह विधानसभा केंद्रीय मंत्री को खासी पसंद है। केंद्रीय मंत्री अमेठी लोकसभा की तीन विधानसभा के साथ सलोन की विधानसभा को अधिक महत्व देती हैं। यही कारण पिछले साढ़े चार साल के दौरान स्मृति ईरानी ने सलोन में आयोजित हर कार्यक्रम में हिस्सा लिया। दशहरा में भी वह सलोन आईं थीं और मिठुरिन माता मंदिर के दर्शन कर लोगों की फरियाद को सुना था। साथ ही दीपावली पर सलोन के लिए उपहार भेजे। शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री फिर सलोन आ रही हैं।
प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी शुक्रवार को नसीराबाद के छतोह ब्लाक के रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। इसे लेकर एडीएम प्रशासन प्रफुल्ल त्रिपाठी ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान ईओ राकेश कुमार सरोज और डूडा के परियोजना अधिकारी भी मौजूद रहे। ईओ राकेश कुमार ने एडीएम को सभी व्यवस्था के बारे में जानकारी दी। केंद्रीय मंत्री किस रूट से रामलीला मैदान पहुंचेंगी इसकी जानकारी दी। ईओ राकेश कुमार ने बताया कि रूट चार्ट तैयार है और कार्यक्रम स्ठल में जरूरी व्यवस्था को करा दिया गया है।
नसीराबाद नगर पंचायत अध्यक्ष मो. अली ने बताया कि दीदी के आने से संबंधित सभी तैयारियों को पूरा कर लिया गया है। वह छतोह ब्लॉक के रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। इस दौरान वह प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को चेक और छतरी का वितरण करेंगी। यह कार्यक्रम सुबह 10:45 बजे से 11:15 बजे तक होगा। बताया कि केंद्रीय मंत्री दिल्ली से सीधे लखनऊ एयरपोर्ट आएंगी और वहां से वह नसीराबाद पहुंचेंगी। छतोह में कार्यक्रम होने के बाद केंद्रीय मंत्री छतोह की ग्राम सभा चतुरपुर में श्रीराजा राम चेतना डिग्री कॉलेज का भूमि पूजन करेंगी। यह कार्यक्रम 11:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगा। इसके बाद वह अमेठी के रामलीला मैदान पहुंचेंगी जहां पर वह पीएन स्वनिधि योजना के तहत लाभार्थियों को चेक वितरण और छतरी वितरित करेंगी।
More Stories
पद्मश्री ओलंपियन सुधा ने खिलाड़ियों में भरा जोश
गोंडा में वर्चस्व की लड़ाई में भिड़े विधायक और प्रमुख समर्थक
आजम की रिहाई आज, एक साल 11 महीने और चार दिन से हैं बंद