राख में दबी चीखों के बीच जगी इंसानियत, लखनऊ ने थामा उजड़े घरों का हाथ


अमरेंद्र कुमार
उत्तर प्रदेश की राजधानी के विकास नगर में आग ने असहाय व निर्धन गरीबों की जिंदगी तबाह कर दी। यहां के सभी गरीब दाने-दाने को मोहताज हो गए। भीषण अग्निकांड में झोपड़ी के साथ जले सारे अरमानों से उठती पीड़ा को कम करने के लिए तेजी से मदद की ओर कदम बढ़ चले हैं। अग्निकांड में सुख चैन खोने वाली रो रही आंखों के आंसू लखनऊ के अधिकांश मददगारों ने पोछ कर देश में इंसानियत का बड़ा पैगाम दिया है। सोशल मीडिया पर गरीबों की मदद के लिए बढ़े लखनऊवासियों के प्रयास की वीडियो और तस्वीरें वायरल हो रहीं हैं। अब तक दिल से किया गया यह प्रयास सराहनीय, वंदनीय और अनुकरणीय है। यह तस्वीरें भले ही उन तमाम गरीबों की दु:ख दर्द और तबाही का मंजर है, लेकिन उससे कहीं भी ज्यादा लखनऊवासियों व अन्य के द्वारा की जा रही मदद पूरे देश के लिए उदाहरण साबित हो रही है।

आग से उजड़ी दुनिया, सारथी बना लखनऊ
इस भीषण गर्मी और तपती धूप में भूखे प्यास से तड़प रहे गरीबों को जब अन्न और पानी जैसी वह तमाम सामाग्रियां मिली तो न सिर्फ उनकी खुशी झलकती नजर आ रही है बल्कि हर चेहरे पर पहले की तरह मुस्कान लौट रही है। ऐसा लगता है लखनऊवासियों से मिली तमाम मदद से वह भूखे उठेंगे जरूर लेकिन अब ऐसी कोई शाम नहीं होगी जब उन्हें और उनके बच्चों को भूखे पेट और खुले स्थान पर सोने के लिए मजबूर और बेबस होना पड़ेगा। पूरे देश में जब कोई तबाही का मंजर आते हैं तो छोटे-छोटे प्रयास बड़ा बदलाव जरूर ला देती है। जैसा कि आज राजधनी में सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों में झलक रहा है।

दिलों में घर कर रही सोशल मीडिया पर वायरल हो रही गरीबों को मिलती मदद
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विकास नगर में लगी भीषण आग ने सिर्फ झोपड़ियों को नहीं जलाया, बल्कि उन गरीब परिवारों के सपनों, उम्मीदों और जिंदगी की पूरी जमा-पूंजी को निगल लिया। तबाही के इस मंजर में रातों-रात सब कुछ खत्म हो गया वो पन्नी लगी छत, जो उन्हें सुकून देती थी…वो बर्तन, जिनमें खाना पकता था…और वो छोटे-छोटे सामान, जिनमें उनकी पूरी दुनिया बसती थी। सुबह जब धुआं छंटा, तो पीछे बचा था सिर्फ सन्नाटा… राख में तब्दील घर… और टूटे हुए लोग। कोई अपने बच्चों को सीने से लगाकर रो रहा था, तो कोई जली हुई जमीन पर बैठकर अपने उजड़े आशियाने को देख रहा था। मासूम बच्चों की आंखों में सवाल थे “अब हम कहां जाएंगे?” और उन सवालों का जवाब किसी के पास नहीं था।
भूख से बिलखते बच्चे, प्यास से सूखते होंठ और सिर पर छत का न होना सोशल मीडिया पर वायरल यह दृश्य किसी भी इंसान का दिल चीर देने के लिए काफी था। लेकिन शायद यही वो पल था, जब इंसानियत ने करवट ली। जैसे ही यह दर्दनाक खबर शहर में फैली, लखनऊ ने सिर्फ देखा नहीं… बल्कि महसूस किया और फिर जो हुआ, उसने इस त्रासदी को एक मिसाल में बदल दिया। हर गली, हर मोहल्ले से मदद के हाथ उठने लगे। कोई अपने घर का बना खाना लेकर दौड़ा, तो कोई पानी की बोतलें लेकर पहुंचा। कुछ लोग अपने बच्चों के कपड़े समेटकर लाए, तो किसी ने अपने हिस्से की रोटी तक बांट दी। वहां कोई अमीर-गरीब नहीं था… कोई बड़ा-छोटा नहीं था… सब सिर्फ इंसान थे और सामने खड़े थे कुछ और इंसान, जिन्हें उनकी जरूरत थी।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरें सिर्फ मदद की कहानी नहीं कह रहीं, बल्कि दिलों के जुड़ने का एहसास करा रही हैं। सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीर में कोई छोटे बच्चे को अपने हाथों से खाना खिला रहा है, ऐसी अन्य कई तस्वीरों में मददगार रो रही हर आंख के आंसू पोछते नजर आ रहे हैं। कहीं युवाओं का समूह पानी बांट रहा है, तो कहीं लोग मिलकर अस्थायी टेंट खड़े कर रहे हैं। इस भीषण गर्मी में जब जमीन तप रही है, तब ये मदद किसी ठंडी छांव से कम नहीं। जब भूखे पेटों को खाना मिला, तो सिर्फ उनकी भूख ही नहीं मिटी उनके अंदर जीने की उम्मीद भी फिर से जाग उठी। लंबे समय बाद उनके चेहरों पर जो मुस्कान लौटी, वो इस बात की गवाही है कि इंसानियत अभी जिंदा है। सबसे खास बात यह रही कि इस मदद में किसी दिखावे की झलक नहीं थी। न कोई कैमरे के लिए रुका, न किसी ने नाम के लिए काम किया। यह मदद दिल से निकली थी और शायद इसलिए सीधे दिल तक पहुंच रही है।

लखनऊवासियों ने यह साबित कर दिया कि जब हालात इंसान को तोड़ते हैं, तब इंसानियत उसे जोड़ती है। यह सिर्फ राहत सामग्री बांटने की कहानी नहीं है, बल्कि यह उस जज्बे की कहानी है, जो कहता है “तुम अकेले नहीं हो।” इस घटना ने पूरे देश को एक सीख दी है कि बड़े बदलाव के लिए बड़े संसाधनों की जरूरत नहीं होती। कभी-कभी एक रोटी, एक गिलास पानी और एक सहारा देने वाला हाथ ही किसी की पूरी दुनिया बदल सकता है। आज विकास नगर में भले ही राख बिछी हो, लेकिन उसी राख के बीच उम्मीद के फूल भी खिलने लगे हैं। जिन लोगों ने सब कुछ खो दिया था, उन्हें अब यह भरोसा है कि जिंदगी फिर से मुस्कुराएगी। क्योंकि जब पूरा शहर किसी के साथ खड़ा हो जाए, तो अंधेरा ज्यादा देर तक टिक नहीं सकता। लखनऊ ने इस बार सिर्फ मदद नहीं की, उसने एक बड़ा संदेश दिया है कि मनुष्य के जीवन में इंसानियत सबसे बड़ी ताकत है और जब यह जागती है, तो हर दर्द छोटा पड़ जाता है। यह कहानी सिर्फ एक अग्निकांड व गरीबों के यहां मची तबाही की नहीं, बल्कि उस जज्बे की है, जो राख से भी नई शुरुआत कर सकता है।
More Stories
गुरुजनों की मेहनत लाई रंग, 74 प्रतिशत बने निपुण
कमरे में लटकता मिला डाक कर्मी
मटिहा के मैदान में चमके टेनिस के सितारे, मेजर निर्भय चैंपियन