BEDHADAK NEWS

BedhadakNews.in

लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर जनरथ बस में मची चीख पुकार

ट्रक की टक्कर से जनरथ बस में सवार 24 यात्री घायल

दिलीप सिंह

लखनऊ। मंगलवार तड़के लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर रामसनेहीघाट और पटरंगा थाना क्षेत्र की सीमा पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गोरखपुर से लखनऊ जा रही परिवहन विभाग की जनरथ बस एक ट्रक से जा टकराई। हादसे में 24 यात्री घायल हो गए, जिनमें से 9 को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया।

जानकारी के अनुसार बस में कुल 41 यात्री सवार थे। बताया गया कि सामने चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दी, जिससे पीछे आ रही बस अनियंत्रित होकर उसमें जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामसनेहीघाट पहुंचाया गया, जहां से 9 गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायलों में छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, बिहार, देवरिया, कुशीनगर और लखनऊ के यात्री शामिल हैं। हादसे में दो एसएसबी जवान भी घायल हुए, जिनमें से एक की पहचान छत्तीसगढ़ निवासी भवानीचरण सिंह के रूप में हुई है, जो नौतनवां से लखनऊ जा रहे थे। घायलों के नाम विनोद कुमार, सफीकुल रहमान, हामिद रजा, ममता, सूर्यांश, अनिल यादव, पूर्णिमा, रिया, हरिओम, सोराब, भवानीचरण सिंह, दिलीप कुमार, हरिओम पांडे, रितेश कुमार, गणेश, सुमित सिंह, सुब्रान आलम, परमानन्द तिवारी, अरविंद कुमार, भीम, सरवन कुमार, शाहबाज खान और रंजीत शुक्ला हैं। इनमें विनोद कुमार पुत्र एमके वर्मा, रजत पुत्र सुभाष कुमार, ममता पत्नी मोहन, सूर्यांश पुत्र मोहन, पूर्णिमा पुत्री सुभाष, भवानीशंकर सिंह पुत्र जवाहरलाल, गणेश पुत्र बहादुर, सुब्रान आलम पुत्र खुर्शीद, अजीत शुक्ला पुत्र ओम प्रकाश (बस चालक) को जिला अस्पताल रेफर किया गया।

 

हादसे में एक बाराती ने तोड़ा दम

बाराबंकी कोठी थाना क्षेत्र के मीरापुर मजरे बब्बक्करपुर निवासी 24 वर्षीय सुनील कुमार पुत्र सुरेश मौर्य की एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। वह एक बारात में शामिल होने के लिए मोटरसाइकिल से निकले थे। सोमवार देर रात करीब 9:30 बजे डांडिया गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर चोट लगने के कारण घटनास्थल पर ही उनकी हालत बिगड़ गई। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें रामसनेहीघाट सीएचसी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बाराबंकी भेज दिया। युवक की असामयिक मृत्यु से गांव में मातम पसरा है, परिवार में कोहराम मच गया है।