BEDHADAK NEWS

BedhadakNews.in

एशियन गेम्स 2023 में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, अब तक 13 स्वर्ण

 

नौवां दिन: पारुल चौधरी ने एथलेटिक्स में जीता सिल्वर, रोलर स्केटिंग और टेबल टेनिस में ब्रॉन्ज मेडल

नई दिल्ली : एशियन गेम्स 2023 में भारत का शानदार सफर जारी है। खिलाड़ियों ने अब तक 13 स्वर्ण, 23 रजत और 24 कांस्य पदक पर कब्जा जा चुके हैं। हांगझोऊ 2023 में भारत 655 एथलीटों के साथ मैदान में है। प्रत्येक चार साल पर होने वाला यह टूर्नामेंट साल 2022 में होना था, लेकिन COVID-19 के कारण इसे एक साल के लिए स्थगित कर दिया गया था। इससे पहले जकार्ता 2018 में भारत ने 570 एथलीटों का दल भेजा था, जहां भारतीय टीम ने एशियन गेम्स में सबसे अधिक 70 पदक जीते थे, जिसमें 16 स्वर्ण, 23 रजत और 31 कांस्य पदक शामिल थे। पिछले कुछ वर्षों में, एथलेटिक्स ने एशियन गेम्स में भारत के लिए अधिकांश पदक जीते हैं, जिसमें कुल 672 में से 254 पदक शामिल हैं। ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धा पर एक बार फिर सभी की निगाहें होंगी, जिसमें भारत ने 68 एथलीटों का एक बड़ा दल भेजा है। हांगझोऊ 2023 में भारतीय एथलेटिक्स टीम में पुरुषों के भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा शामिल हैं, जो मौजूदा विश्व, ओलंपिक और एशियाई खेलों के चैंपियन हैं। इसके साथ ही राष्ट्रमंडल खेलों में पुरुषों के 3000 मीटर स्टीपलचेज के रजत पदक विजेता अविनाश साबले और महिलाओं की बाधा दौड़ की सनसनी ज्योति याराजी जैसे शीर्ष नाम शामिल हैं।
पहली बार क्रिकेट टीम हुई शामिल
एशियन गेम्स में पहली बार भारत ने भी क्रिकेट टीमें भेजी हैं, जिसमें पुरुष और महिला दोनों टीमें भाग ले रही हैं। फुटबॉल और हॉकी में भी भारतीय टीम हिस्सा ले रही हैं। विश्व चैंपियन निकहत जरीन और ओलंपिक पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन की अगुवाई वाली बॉक्सिंग टीम और ओलंपिक पदक विजेता बजरंग पुनिया और अंतिम पंघाल की कुश्ती टीम भी पदक की प्रबल दावेदार है। भारत ने एशियन गेम्स 2023 मेडल टैली में 2 अक्टूबर तक 13 स्वर्ण, 22 रजत और 24 कांस्य सहित कुल 58 पदक जोड़े हैं।
हालांकि 100 मीटर और 200 मीटर के राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक भारतीय धावक अमलान बोरगोहेन ने एशियन गेम्स 2023 में पुरुषों के 200 मीटर फाइनल में 20.98 सेकेंड का समय दर्ज किया और छठे स्थान पर रहे। एशियाई चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता जापान के कोकी उयामा ने हांगझोऊ में 20.60 के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। सऊदी अरब के मोहम्मद अब्दुल्ला अबकर और चीनी ताइपे के यांग चुन-हान ने क्रमशः रजत और कांस्य पदक जीता। महिलाओं के पोल वॉल्ट फाइनल में, 21 वर्षीय पवित्रा वेंगतेश केवल 4.00 मीटर का आंकड़ा ही पार कर सकीं और अपने एशियन गेम्स के डेब्यू अभियान में छठे स्थान पर रहीं। ब्रिज क्वालिफिकेशन राउंड आज समाप्त हो गया। भारत ने 266 बोर्ड के बाद 278.93 अंकों के साथ पुरुष टीम सेमीफाइनल के लिए दूसरे स्थान पर क्वालीफाई किया। हांगकांग, चीन चीनी ताइपे, चीन अन्य तीन सेमीफाइनलिस्ट रहे।
तीन हजार मीटर स्टीपलचेज में पारुल चौधरी ने जीता रजत, प्रीति लांबा ने कांस्य
भारतीय एथलीट पारुल चौधरी ने महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज फाइनल में 9:27.63 का समय दर्ज करते हुए एशियन गेम्स 2023 में रजत पदक जीता। मौजूदा एशियाई चैंपियनशिप स्वर्ण पदक विजेता, पारुल ने अपना पहला एशियाई खेल पदक जीता। हांगझोऊ में यह भारत का 13वां एथलेटिक्स पदक, छठा रजत पदक है। प्रीति ने महिलाओं के 3000 मीटर स्टीपलचेज़ फाइनल में 9:43.32 के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय के साथ कांस्य पदक जीता। वह इस साल की शुरुआत में एशियाई चैंपियनशिप में चौथे स्थान पर रही थीं। बहरीन की यावी विनफ्रेड म्यूटाइल ने एशियन गेम्स के रिकॉर्ड समय 9:18.28 के साथ स्वर्ण पदक जीता। 28 वर्षीय पारुल चौधरी के पास 8:57.19 के समय के साथ राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी दर्ज है, जो उन्होंने 2022 में लॉस एंजिल्स एथलेटिक्स मीट में हासिल किया था।
टीटी वूमेंस डबल्स टीम ने ब्रॉन्ज मेडल जीता
भारतीय पैडलर सुतीर्था मुखर्जी और अहिका मुखर्जी महिला युगल टेबल टेनिस सेमीफाइनल में डीपीआर कोरिया की चा सुयोंग और पाक सुगयोंग के खिलाफ 4-3 से हार गईं और अपने एशियन गेम्स 2023 अभियान को कांस्य पदक के साथ समाप्त किया। यह टेबल टेनिस में भारत का पहला महिला युगल एशियाई खेल पदक है। साथ ही, यह महाद्वीपीय प्रतियोगिता में इस खेल का तीसरा कांस्य पदक है।
रैंक –   देश –   स्वर्ण –  रजत – कांस्य – कुल
1  –       चीन    –   142 –  76 –   39   -257
2 –    जापान   –    30   –  43 –   45 –  118
3 –   रिपब्लिक ऑफ कोरिया – 30 –   39 –  62 –  131
4 –   भारत          –   13 –   22 –   23 –   58