BEDHADAK NEWS

BedhadakNews.in

आन लाइन दवाएं मंगाकर रोगियों को बेच रहा था टेक्नीशियन, नोटिस

जिला अस्पताल के कार्डियाेलाजी विभाग का मामला, मरीज की शिकायत पर सीएमएस ने की कार्रवाई

रायबरेली: अच्छे इलाज की चाहत में सरकारी अस्पताल आने वाले रोगी ठगी के शिकार हो रहे हैं। अस्पताल की सरकारी दवाओं से कम और बाहर की महंगी दवाओं से शीघ्र फायदा होने की बात कहकर जेब ढीली किया जा रहा है। ऐसे ही एक मामला जिला अस्पताल का सामने आया है। जिला अस्पताल के कार्डियोलाजी विभाग में डाक्टर की जगह ईसीजी टेक्नीशियन द्वारा आनलाइन महंगी दवाएं मंगाकर बेचने की बात भी सामने आई है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने उन्हें कड़ी चेतावनी देते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया है।
कार्डियोलाजी विभाग में दो चिकित्सक डा. सलीम और डा.राजेश श्रीवास्तव के अलावा ईसीजी टेक्नीशियन अमित कुमार की भी ड्यूटी रहती है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. महेंद्र मौर्या का कहना है कि जिला चिकित्सालय के पर्चे पर डाक्टरों के अलावा अमित भी मरीज को देखते हैं, जोकि गलत है। उनके द्वारा रोगियों को दवाएं लिखी जाती हैं। मरीज को देखने और दवाएं लिखने के लिए वह अधिकृत नहीं है, फिर भी उनके द्वारा ऐसा काम किया जा रहा है। वह मरीजों से कहते हैं कि मैं डाक्टरों से अच्छी दवाएं लिखता हूं। वह मरीजों को गुमराह करके बाहर से दवाएं लिखकर ठगने का काम कर रहे हैं। सीएमएस ने बताया कि दो-तीन मरीजों ने अमित की शिकायत उनसे की। बताया कि आनलाइन महंगी दवाएं मंगाकर वह मरीजों को दे रहे हैं। उन दवाओं से फायदा नहीं हुआ तो रोगी उनके पास शिकायत लेकर आए, जिसके बाद उन्होंने टेक्नीशियन को नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा है।