
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेम यादव की हत्या से नाराज भीड़ ने भी आरोपितों के घर पर किया हमला
लखनऊ : उत्तरप्रदेश के देवरिया में दिल दहलाने वाली वारदात हुई है। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष की हत्या से नाराज लोगाें ने आरोपितों के घर में घुसकर खूब तांडव मचाया। एक-एक करके पांच लोगों की हत्या कर दी। उनके तांडव का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि हमलावरों ने पति-पत्नी, दो बेटियों और बेटे का बेरहमी से पहले गला काटा और फिर गोली मार दी। इस परिवार में अब सिर्फ आठ साल का बेटा जिंदा है, लेकिन वह भी जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। उसे गंभीर हालत में गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। गांव में तनाव को देखते हुए पूरा पुलिस महकमा सतर्क है। एसपी डॉ. संकल्प शर्मा ने बताया कि मौके पर पीएसी भेजी जा रही है। पूरी घटना रुद्रपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव की है।
इस खौफनाक मंजर की वजह पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रेम यादव की मौत को बताया जा रहा है। परिजनों ने शक के चलते घटना को अंजाम दिया है। दरअसल, सोमवार सुबह छह बजे प्रेम यादव का शव गली में पड़ा मिला। प्रेम यादव का गला काटकर हत्या की गई थी। उसकी हत्या किसने की यह स्पष्ट नहीं था। लेकिन, उसके परिजनों का शक सत्य प्रकाश दुबे पर गया। इसकी वजह दोनों के बीच जमीन के विवाद को होना था। प्रेम का शव मिलने के बाद उसके परिजनों ने प्रकाश दुबे के घर पर धावा बोल दिया और परिवार के पांच लोगों की एक-एक करके हत्या कर दी। इस हत्याकांड से पूरा इलाका दहल उठा। फिलहाल, गांव में तनाव का माहौल है।

जान बचाने की गुहार लगाते रहे मासूम, नहीं पसीजे हमलावर
जघन्य हत्याकांड से पूरा प्रदेश हिल गया है। मरने वालों में एक ही परिवार के पांच लोग शामिल हैं। जबकि दूसरे पक्ष से एक शख्स की मौत हुई है। बताते है प्रेम यादव का शव मिलने के बाद लोग आक्रोशित हो गए। उनके परिजन और रिश्तेदारों ने हाथ में लाठी-बंदूक और गड़ासा लेकर सत्य प्रकाश के घर पर धावा बोल दिया। इसके बाद बेरहमी से एक-एक की हत्या करना शुरू कर दिया। सत्य प्रकाश के घर पर जब हमला हुआ उस वक्त छह लोग थे। हमलावरों ने पूरे परिवार को मार दिया। सिर्फ आठ साल का बच्चा गंभीर है। हमलावरों ने सबसे पहले सत्यप्रकाश दुबे को गोली मारी। फिर उस पर चाकू से वार किए। वहीं उसे बचाने आई उनकी पत्नी किरण पर भी हमलावर टूट पड़े। उसका गला काट दिया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद हमलावरों ने सत्य प्रकाश की बेटी सलोनी (18) को गोली मार दी। जब वह गंभीर घायल हो गई तो हमलावरों ने चाकू से वार किए। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद दूसरी बेटी नंदनी (10) और बेटे गांधी (15) को भी मार डाला। सबसे आखिर में आठ साल के बेटे अनमोल पर हमला किया। वह अभी गंभीर है।
More Stories
मटिहा के मैदान में चमके टेनिस के सितारे, मेजर निर्भय चैंपियन
ईटीएफ मास्टर टेनिस चैंपियन बने नितिन और सुनील
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने फहराया तिरंगा, राष्ट्रगान की गूंज के साथ दी सलामी