BEDHADAK NEWS

BedhadakNews.in

फिरोज गांधी ने भ्रष्टाचार का पर्दाफाश कर संसद की गरिमा को बढ़ाया

रायबरेली : राजनीति विज्ञान अध्ययन एवं शोध संस्थान द्वारा जनपद के प्रथम सांसद फिरोज गांधी के जन्मदिवस की पूर्व संध्या पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। एफजी कालेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. राम बहादुर वर्मा ने कहा कि फिरोज गांधी सर्वकालिक सांसद थे। उनकी गणना विश्व के महान सांसदों में की जाती है। संसद के भीतर वाद विवाद, आंकड़ों एवं तथ्यों के माध्यम से उन्होंने सरकार के भीतर पनप रहे भ्रष्टाचार का पर्दाफाश कर न केवल संसद की गरिमा व ताकत बधाई बल्कि भारत के नवजात संसदीय लोकतंत्र को मजबूत आधार प्रदान किया। वह संसद में उच्च स्तरीय वाद विवाद को सरकार के लिए चेतावनी और जनता के लिए लोक शिक्षण मानते थे।
संस्थान के महामंत्री डॉ बृजकिशोर ने कहा कि फिरोज गांधी प्रेस की स्वतंत्रता के चैंपियन थे। संसदीय कार्यवाही प्रकाशन का संरक्षण अधिनियम 1956 बनवाकर उन्होंने प्रेस को दबाव से मुक्त होकर संसद की कार्यवाही प्रकाशित करने का अधिकार दिया। निजी बीमा कंपनियों द्वारा किए जा रहे घपलो और जीवन बीमा निगम में हुए भ्रष्टाचार को उजागर कर उन्होंने इतिहास रच दिया। तत्कालीन वित्त मंत्री को त्यागपत्र देने के लिए बाध्य कर दिया। संगोष्ठी में डा. मनोज चौधरी, डा. अरुणेश कुमार यादव, राजेंद्र प्रसाद श्रीवास्तव, जगदीश यादव, शरद चौधरी, रामनरेश वर्मा आदि मौजूद रहे।