BEDHADAK NEWS

BedhadakNews.in

अमेठी में खेल के मैदान से चुनावी हुंकार भरेंगी स्मृति

– प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर से शुरू होगी प्रतियोगिता, प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मिलेगा मौका

अमेठी: लोकसभा चुनाव की सुगबुगाहट शुरू हो गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सभी अटकलों को विराम लगाते हुए राहुल गांधी के अमेठी से चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है। ऐसे में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने भी होमवर्क करना शुरू कर दिया है। पिछले तीन महीने से लगातार लोगाें से संपर्क कर रही हैं। वहीं अब युवाओं को अपनी ओर आकर्षित करने के की तैयारी है। वैसे तो खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवा प्रतिभाओं की तराशने की बात कही जा रही है। लेकिन हकीकत यही है कि खेल के मैदान से स्मृति चुनावी हुंकार भरती नजर आएंगी। इसकी शुरूआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से करेंगी। इसमें कब्बड्डी हो या क्रिकेट, शतरंज हो या बैडमिंटन, खेलों में रुचि रखने वाले युवाओं को अपना हुनर दिखाकर अपनी प्रतिभा निखारने का मौका भी मिलेगा।
आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए केंद्रीय मंत्री की टीम काफी सक्रिय है। केंद्रीय मंत्री द्वारा अपने संसदीय क्षेत्र में सांसद खेल कूद प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा जिसमें अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मोटरसाइकिल, टीवी, वाशिंग मशीन जैसे आकर्षक पुरुस्कार भी दिए जायेंगे। सांसद खेल कूद प्रतियोगिता 17 सितंबर से शुरू होकर 08 अक्टूबर तक चलेगी। उत्थान सेवा संस्थान के माध्यम से शुक्रवार से निःशुल्क पंजीकरण शुरू हो गया है जो 10 सितंबर तक चलेगा। प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए सलोन विधायक अशोक कुमार स्थानीय पदाधिकारियों के साथ तैयारियों में जुट गए हैं। विधायक ने बताया कि पूरी विधान सभा में प्रतिनिधि नामित कर पंजीकरण कराया जा रहा। रायबरेली जिले से सलोन विधायक अशोक कोरी ने बताया कि न्याय पंचायत और विद्यालय स्तर पर प्रतियोगिता शुरू कराई जाएगी। उसके बाद फिर ब्लॉक स्तर, तहसील स्तर से होते हुए लोकसभा स्तर पर प्रतियोगिता होंगी। दीदी का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिले।
इनसेट
दो स्तर पर कराई जाएगी प्रतियोगिता
प्रतियोगिता ग्रामीण स्तर व विद्यालय स्तर पर कराई जाएगी।ग्रामीण स्तर पर वॉलीबॉल, कबड्डी, क्रिकेट, खो-खो, ऊंची कूद, लंबी कूद, दौड़ आदि प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। वहीं विद्यालय स्तर पर रंगोली, शतरंज, भाषण, बैडमिंटन आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जायेगा। इतना ही नहीं खिलाड़ियों को आकर्षक पुरस्कार भी मिलेगा। इसमें टीम वाले खेलों के लिए प्रथम पुरुस्कार 2 लाख इक्कीस हजार रुपए व द्वितीय पुरस्कार 1 लाख 11 हजार रुपए रखा गया है। साथ ही मैन ऑफ द सीरीज को मोटरसाइकिल व मैन ऑफ द मैच को टीवी दी जाएगी। वहीं विद्यालय स्तर पर आयोजित होनी वाली प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों को सर्टिफिकेट के साथ ही मोबाइल, टैबलेट व स्मार्ट वॉच दिया जायेगा।