BEDHADAK NEWS

BedhadakNews.in

घोसी के परिणाम से बिछेगी राजनीति की नई बिसात

 

– अखिलेश बोले- INDIA जीतेगा देश
लखनऊ। घोसी विधानसभा का उपचुनाव INDIA और NDA दोनों के लिए बहुत महत्वपूर्ण था। असल में इस चुनाव के परिणाम से ही उत्तर प्रदेश के जेहन में पनप पर रही नई रणनीति और वोटर माइंड की झलक मिलनी थी। चुनाव में सपा की जीत ने यह बात कहीं न कहीं साफ कर दी है कि उत्तर की सियासी जमीन फिर से बदलने वाली है। ऐसे में साफ है कि आने वाले दिनों में लोकसभा चुनाव के लिए जमकर सियासी बिसात बिछेंगीं और भाजपा और सपा में तल्खी देखने को मिलेगी। घोसी सीट को जीतने के लिए भाजपा ने पूरा ताकत लगा दी थी। ओमप्रकाश राजभर से लेकर मंत्री संजय निषाद तक घोसी के रण में जुटे हुए थे लेकिन सपा प्रत्याशी ने भाजपा प्रत्याशी दारा सिंह को पीछे धकेल कर प्रदेश की राजनीति में नया संदेश दिया है। भाजपा के थिंकटैंक को भी उम्मीद नहीं थी कि सपा चुनाव में इस तरह का प्रदर्शन करेगी। खास बात यह है कि जिला पंचायत के चुनाव में भी सपा ने बाजी मारी है। घोसी में सपा के प्रदर्शन से सपा मुखिया अखिलेश सिंह यादव खासे प्रसन्न हैं। कहते हैं कि INDIA जीतेगा देश। घोसी के परिणाम का शोर निश्चित तौर पर दूर तलक जाएगा। जो सपा अभी तक भाजपा से टक्कर लेने में परेशान थी। घोसी चुनाव परिणाम के बाद वह उठ खड़ी हुई है तो साथ ही कांग्रेस को भी कुछ नया करने का हौसला मिला है।
उपचुनाव के परिणाम कर रहे इशारा
देश भर में उपचुनाव के जो भी परिणाम आए हैं वह इशारे कर रहे हैं कि आने वाले 6 माह राजनीति में अहम होने वाले हैं। भाजपा और विपक्षी दलों के बीच जोरदार टक्कर के साथ वाकयुद्ध भी तेज होगा। वहीं दिल्ली की रास्ता तय करने वाला उत्तर प्रदेश बड़ा सियासी रण बनने वाला है। भाजपा के लिए घोसी का उपचुनाव खासा अखरने सरीखा है।