
-सरेनी ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय पलटीखेड़ा में श्री अन्न व्यंजन प्रतियोगिता का आयोजन
रायबरेली : अंतर्राष्ट्रीय पोषक वर्ष 2023 के तहत सरेनी ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय पलटीखेड़ा में श्री अन्न व्यंजन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें बेहतर और पोषणयुक्त अन्न बनाने वाली प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।मुख्य अतिथि कृषि विज्ञान केंद्र की गृह वैज्ञानिक डा. दीपाली चौहान ने महिलाओं को मोटा अनाज के बारे में बताया। कहा कि इसके प्रयोग से परिवार स्वस्थ होने के साथ ही समाज भी बेहतर होगा। प्रतियोगिता में 30 महिलाओं ने प्रतिभाग किया। इसमें से 20 महिलाओं ने विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का प्रदर्शन किया।

इससे पहले कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. दीपाली चौहान ने किया। उन्होंने महिलाओं को मोटे अनाज में पाए जाने वाले विभिन्न पोषक तत्वों के बारे में बताया। कहा कि वर्तमान जलवायु दशाओं में जैसे भूमि जलस्तर में कमी आना, ग्लोबल वार्मिंग एवं मृदा उर्वरता में कमी जैसी चुनौतीपूर्ण दशाओं में मोटे अनाज खाद्य उपलब्धता बनाए रखने में अत्यंत महत्वपूर्ण है। मोटा अनाज को गरीबों का अनाज कहा जाता है। अब अमीरों की थाली का प्रमुख हिस्सा बन चुका है। बाजार में मोटे अनाजों की दिनोंदिन मांग बढ़ती जा रही है। ऐसे में किसान उगाकर अपनी आय वृद्धि कर सकते हैं। साथ ही ग्रामीण महिलाएं भी मोटे अनाजों का प्रसंस्करण कर पारिवारिक आय में वृद्धि कर सकती हैं। मोटे अनाज का आहार में समावेश करने से परिवार के सदस्यों के पोषण स्तर में भी वृद्धि होगी। एक स्वस्थ परिवार ही विकसित समाज की आधारशिला होता है।

महिलाओं ने ज्वार, बाजरा और रागी के विभिन्न व्यंजनों जैसे ज्वार का शक्करपारा, ज्वार का फ्रूट कस्टर्ड, ज्वार की मीठी पूरी, ज्वार की मुठिया, ज्वार सहजन का पराठा, बाजरे की प्याज की पकौड़ी, ज्वार की आलू की पकौड़ी, ज्वार के अरबी के पकोड़े, बाजरे की रोटी, बर्फी आदि का प्रदर्शन किया गया। महिलाओं द्वारा प्रदर्शित व्यंजनों का मूल्यांकन प्रधान रामफेर सिंह और प्रधानाध्यापक शिव प्रताप सिंह ने किया। ज्वार उत्पम बनाकर रीता को प्रथम स्थान, ज्वार मुठिया में शिवकांती को द्वितीय, ज्वार मोरिंगा पराठा में गेंदा को तृतीय, ज्वार फ्रूट सलाद में सुमन देवी को चौथा स्थान, ज्वार बाजरा लड्डू बनाने वाली माधवी को पांचवा स्थान प्राप्त हुआ।
More Stories
मटिहा के मैदान में चमके टेनिस के सितारे, मेजर निर्भय चैंपियन
ईटीएफ मास्टर टेनिस चैंपियन बने नितिन और सुनील
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने फहराया तिरंगा, राष्ट्रगान की गूंज के साथ दी सलामी