
– सबसे अधिक स्वर्ण पदक भी जीते
बीजिंग। हांगझोऊ एशियाई खेलों में भारत ने इतिहास रच दिया है। इस बार 100 पार का लक्ष्य लेकर उतरे भारतीय दल ने 100 से ज्यादा पदक जीत लिए हैं। भारत के लिए इससे बड़ी खुशी क्या होगी कि आजादी के 75वें वर्ष में देश ने 19वें एशियाई खेलों में पदकों का शतक पूरा किया है। स्पर्धाओं के 13वें दिन भारत ने हॉकी के स्वर्ण सहित नौ पदक जीतकर पदकों की संख्या 95 तक पहुंचाई। 14वें दिन की शुरुआत में ही भारतीय तीरंदाजों ने चार पदक दिलाए और फिर कबड्डी टीम ने स्वर्ण जीतकर भारत का पदकों का शतक पूरा कर दिया।शुक्रवार को कुश्ती में तीन कांस्य पदक मिले। तीरंदाजी में एक रजत, एक कांस्य, ब्रिज में रजत, बैडमिंटन में एक कांस्य के अलावा सेपकटेकरॉ में मिला पदक तो ऐतिहासिक है। हॉकी के स्वर्ण पदक की सर्वाधिक खुशी है क्योंकि इसके साथ अगले साल होने वाले पेरिस ओलंपिक का टिकट भी पक्का हो गया है। एशियाई खेलों के आखिरी दिन यानी शनिवार को तीन अन्य पदक आने हैं। कबड्डी (1), बैडमिंटन (1) और पुरुष क्रिकेट (1) में भारत को पदक मिलना तय है।
यह एशियाई खेलों के इतिहास में भी पहली बार है जब भारत ने 20 से अधिक स्वर्ण पदक जीते हैं। इससे पहले सबसे ज्यादा स्वर्ण 72 साल पहले यानी 1951 दिल्ली एशियाई खेलों में आए थे। तब भारत ने 15 स्वर्ण जीते थे। भारत ने जकार्ता में हुए पिछले एशियाई खेलों के 70 पदकों के कीर्तिमान को तो पहले ही ध्वस्त कर दिया था और अब तो 100 पदकों का संकल्प लेकर चीन जाने वाले भारतीय खिलाड़ियों ने अपने लक्ष्य को भी सिद्ध भी कर लिया है। भारतीय खिलाड़ी कई स्पर्धाओं के फाइनल में हैं। इस साल निशानेबाजी और एथलेटिक्स जैसे खेलों में भारत ने शानदार प्रदर्शन किया।
निशानेबाजी में पहली बार जीते हैं 22 पदक
एशियाई खेलों में शूटिंग में भारत का रिकॉर्ड
साल जगह स्वर्ण रजत कांस्य कुल
1954 मनिला — — — —
1958 टोक्यो — — — —
1962 जकार्ता 0 0 1 1
1966 बैंकॉक — — — —
1970 बैंकॉक — — — —
1974 तेहरान 0 1 1 2
1978 बैंकॉक 1 0 0 1
1982 दिल्ली 0 2 1 3
1986 सियोल 0 1 2 3
1990 बीजिंग 0 0 1 1
1994 हिरोशिमा 1 0 1 2
1998 बैंकॉक 0 2 1 3
2002 बुसान 0 2 0 2
2006 दोहा 3 5 6 14
2010 ग्वांग्झू 1 3 4 8
2014 इंचियोन 1 1 7 9
201 जकार्ता 2 4 3 9
2023 हांगझोऊ 7 9 6 22
इसके अलावा स्क्वॉश में पहली बार भारत ने दो स्वर्ण, एक रजत एक कांस्य जीता। वहीं, तीरंदाजी में अब तक पांच स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य समेत नौ पदक जीत चुके हैं। क्रिकेट में महिला टीम ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि पुरुष टीम शनिवार को स्वर्ण पदक मुकाबले में अफगानिस्तान का सामना करेगी। घुड़सवारी में भारत ने 42 साल बाद स्वर्ण पदक जीता, चाहे वह व्यक्तिगत हो या टीम स्पर्धा। नौकायन और रोइंग जैसे खेलों ने भी भारत की काफी मदद की। इसके साथ ही भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम ने ऐतिहासिक रजत पदक जीता। टीम एक कड़े फाइनल में चीन से हार गई। कई अन्य भारतीय एथलीट सात अक्तूबर को खेलते दिखेंगे। इससे भारत के पास अपने पदकों की रिकॉर्ड संख्या को और बेहतर करने का मजबूत मौका है।
More Stories
पद्मश्री ओलंपियन सुधा ने खिलाड़ियों में भरा जोश
रायबरेली स्टेडियम के मैदान में चमकी ग्रामीण मेधा
रायबरेली के खिलाड़ियों का लखनऊ ओपन चैंपियनशिप में दबदबा