BEDHADAK NEWS

BedhadakNews.in

राम की नगरी में जटायू क्रूज की सौगात, पर्यटन मंत्री ने किया उद्घाटन

— बोले, अयोध्या को पर्यटन नगरी के रूप में किया जा रहा विकसित

अयोध्या : भगवान राम की नगरी अयोध्या में अब श्रद्धालु क्रूज की सैर कर सकेंगे। शुक्रवार को पर्यटकों के लिए सरयू नदी में जटायु क्रूज का संचालन शुरू कर दिया गया। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आम जनता को समर्पित किया। कहा कि अयोध्या को पर्यटन नगरी बनाने के लिए निरंतर कार्य कराया जा रहा है। राम की नगरी को भव्य व अलौकिक बनाना है

बताते चले कि अयोध्या क्रूज लाइंस द्वारा संचालित इस क्रूज में एक साथ कुल 100 लोगों के बैठने की व्यवस्था है। यह क्रूज संत तुलसीदास घाट से चलकर गुप्तारघाट तक करीब 9 किलोमीटर का सफर तय करेगा। गुप्तार घाट पर 20 मिनट रुकने के बाद वापस संत तुलसीदास घाट आएगा। इस दौरान लगभग 18 किलोमीटर का सफर दो घंटे में तय करेगा। क्रूज में यात्रियों को पूर्वांचल के विभिन्न पकवान उपलब्ध होंगे। गाइड सरयू तट के किनारे स्थित विभिन्न मंदिरों का इतिहास और गुप्तारघाट के पौराणिक महत्व से भी पर्यटकों को अवगत कराएंगे।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि अभी हम 100 सीटर क्रूज शुरू कर रहे हैं। जल्द ही हम एक बड़ा क्रूज भी सरयू में उतारेंगे। पर्यटन विभाग ने यूपीनेडा के साथ एक एमओयू साइन किया है। जिसमें हम सौर ऊर्जा से संचालित क्रूज का संचालन करेंगे। यह क्रूज अयोध्या के अलावा काशी मथुरा में भी चलाए जाएंगे। जनवरी माह तक इंटरनेशनल एयरपोर्ट शुरू हो जाएगा। हमारा प्रयास है कि भगवान राम लला के मंदिर के उद्घाटन से पूर्व अधिक से अधिक योजनाएं संचालित हो जाएं।
इनसेट
ट्रायल के दौरान सरयू पुल से टकराया जटायु क्रूज, मचा हड़कंप
अयोध्या के सरयू नदी में जटायु क्रूज उद्घाटन के पहले बड़ी दुर्घटना होते होते बची। दोपहर करीब 12 बजे संत तुलसीदास घाट पर सरयू में अयोध्या क्रूज लाइंस के अधिकारी क्रूज का ट्रायल ले रहे थे। इसी दौरान नयाघाट क्षेत्र की ओर जाते समय पुल क्रॉस करने के दौरान अचानक क्रूज पुल के दूसरे पिलर से जा टकराया। इससे अफरी तफरी मच गई।