BEDHADAK NEWS

BedhadakNews.in

जान की नहीं परवाह, मेडिकल स्टोर में मिली एक्सपायर दवाएं

– 50 तरह की एक्सवायर दवाओं को कराया नष्ट, सामान्य तापमान में रखा मिला टिटबैक इंजेक्शन
रायबरेली : मेडिकल स्टोर संचालकों को रोगियों के जीवन का तनिक भी ख्याल नहीं है। हाल यह है कि थोड़ी सी चूक में एक्सपायर दवाएं तक दे दी जाती है। ऊंचाहार व सलोन के कई मेडिकल स्टोर में औषधि निरीक्षक ने छापेमारी की। 50 तरह की एक्सपायर दवाएं और सामान्य तापमान में रखे मिले टिटबैक इंजेक्शन नष्ट कराए गए। चार दवाओं के नमूने लिए गए। औषधि निरीक्षक शिवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि सभी को नोटिस देकर स्पष्टीकरण लिया जाएगा।

शिवशक्ति मेडिकल स्टोर ऊंचाहार में एक्सपायर दवाओं के लिए रैक में लेवलिंग नहीं मिली। फ्रिज नहीं मिला। कम तापमान में रखी जाने वाली दवा टिटबैक की 21 शीशी बाहर रखी मिलीं, उन्हें नष्ट कराया गया। संचालक दवाओं के क्रय-विक्रय का बिल नहीं दिखा सके। मौर्या मेडिकल स्टोर ऊंचाहार में फार्मासिस्ट नहीं मिला और इनके यहां भी दवाओं के क्रय विक्रय का रिकार्ड नहीं दिखाया गया। अखिल मेडिकल स्टोर में फार्मासिस्ट नहीं है। मवेशियों की दवाओं के लिए रैक पर लेवलिंग नहीं की गई। दवा का क्रय विक्रय रिकार्ड भी नहीं मिला। वर्मा फार्मेसी कमालगंज में 50 तरह की एक्सपायरी दवाएं नष्ट कराई गई। इन चारों मेडिकल स्टोरों पर शेड्यूल एच-1 का रिकार्ड नहीं मिला और एक-एक दवा का नमूना लिया गया, जिसे जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।