
– नगर पालिका अध्यक्ष को सौंपा 13 सूत्रीय मांगपत्र, चार नवंबर को लखनऊ में धरना प्रदर्शन
रायबरेली : स्थानीय निकाय कर्मियों ने मांगों को लेकर आंदोलन तेज करने का मन बना लिया है। मंगलवार को 13 सूत्रीय मांगपत्र नगर पालिका अध्यक्ष शत्रोहन सोनकर को सौंपते हुए चार नवंबर को लखनऊ में धरना प्रदर्शन की चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द मांगों को पूरा नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

कर्मचारी संघ अध्यक्ष शरद कुमार त्रिवेदी ने कहा कि पूर्व में भी ज्ञापन सौंपा गया, लेकिन कुछ नहीं हुआ। हर बार कर्मचारियों को सिर्फ आश्वासन दिया जाता है। कई मांगें ऐसी हैं, जो वर्षेां से लंबित हैं। अब ऐसा नहीं चलेगा। जरूरत पड़ने पर आर-पार की लड़ाई भी लड़ेंगे। महामंत्री चंदन वाल्मिकी ने कहा कि कर्मचारी के हितों कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सरकार की मनमानी किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे। हक के लिए संघर्ष जारी रहेगा।

कर्मचारियों ने वर्ष 2001 के बाद कार्यरत दैनिक वेतन, संविदा कार्यदायी संस्था के माध्यम से तैनात कर्मचारियों को उनके पद के अनुरुप न्यूनतम वेतनमान, सेवा सुरक्षा और स्थायीकरण की नीति बनाने, राज्य कर्मचारियों पर लागू की गई पंडित दीनदयाल उपाध्याय कैशलेस इलाज की सुविधा से स्थानीय निकाय कर्मचारियों को भी आच्छादित करने, पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू करने, सितम्बर 2013 से बंद बीमा पालिसी को निकायों में पुन: संचालित करने आदि की मांग की है। आशुतोष सिंह ने कहा कि कर्मचारियों का उत्पीड़न किया जा रहा है। कार्य भार लगातार बढ़ रहा है, लेकिन मांगों की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इस मौके पर कौशल कुमार, केके श्रीवास्तव, नसीरुद्दीन, नागेश सिंह, राम प्रकाश शुक्ला, अमित श्रीवास्तव, हिमेंद्र सिंह, प्रदीप सिंह आदि मौजूद रहे।
More Stories
पद्मश्री ओलंपियन सुधा ने खिलाड़ियों में भरा जोश
गोंडा में वर्चस्व की लड़ाई में भिड़े विधायक और प्रमुख समर्थक
आजम की रिहाई आज, एक साल 11 महीने और चार दिन से हैं बंद