BEDHADAK NEWS

BedhadakNews.in

रायबरेली में युवक की गला घोंटकर हत्या

गुरुबक्शगंज पुलिस ने अज्ञात में दर्ज किया मुकदमा, जांच शुरू

रायबरेली। गुरुबक्शगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत चंदई रघुनाथपुर चौराहे के पास एक गला घोंटकर युवक की हत्या कर शव को पास के ही जंगल में फेंक दिया गया। युवक की हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुट गई। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात में मुकदमा दर्जकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

थाना क्षेत्र के रामनगर मजरे पोरई निवासी सुरेन्द्र (25) पुत्र स्व. रामबहादुर 16 मार्च की शाम घर से निकला था। इसके बाद लौटकर नहीं आया। 17 मार्च की सुबह करीब साढ़े पांच बजे गांव के कुछ लोगों ने लावारिस मोटर साइकिल खड़ी देखा तो अनहोनी की आशंका हुई। आस पास तलाश करने पर सुरेन्द्र का शव पड़ा दिखाई दिया। धीरे-धीरे मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। स्थानीय लोगों ने ग्राम प्रधान व पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फारेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किये। इसके पश्चात पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामें की कार्यवाही के उपरान्त पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। मृतक के शरीर पर चोट के निशान देख कर मृतक की मां ने हत्या किये जाने की आशंका व्यक्त करते हुए थाने में तहरीर दी है। बताते हैं कि मृतक शराबी किस्म का व्यक्ति था। शराब को लेकर अकसर उसकी पत्नी से अनबन रहती थी। तीन माह पूर्व पत्नी नाराज होकर मायके चली गयी थी। अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा ने बताया घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए गए हैं। अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत करके मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है। युवक का गला घोंटा गया है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

 

इनसेट

महिला का सई नदी में मिला शव

गुरुबक्शगंज थाना क्षेत्र के पूरे भगत सिंह मजरे सलारपुर गांव में सोमवार की सुबह सई नदी एक अज्ञात महिला का शव ग्रामीणों को दिखाई दिया। शव की सूचना मिलते ही आसपास के लोग एकत्रित हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नदी से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया।

सोमवार की सुबह पूरे भगत सिंह मजरे सलारपुर गांव से सटे खेतों में चारा काटने गए ग्रामीणों को सईं नदी में एक शव दिखाई पड़ा। जिसकी सूचना ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान दी। प्रधान की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाया। काफी मशक्कत के बाद मृत महिला की शिनाख्त राजवती (45) पत्नी रामपाल निवासिनी टांडा, गंगागंज थाना हरचन्दपुर के रुप में हुई। गुरुबक्शगंज थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि महिला के परिजनों ने उसे मानसिक विछिप्त और लापता होने की तहरीर छह दिन पहले हरचंदपुर थाने में दर्ज कराई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम विधिक कार्यवाही की जाएगी।