
– लखनऊ में प्लाट बेचने के नाम पर लाखों का गबन, सीजेएम के आदेश रिपोर्ट दर्ज
सुलतानपुर। पहले आओ और एक फ्री पाओ। जी हां सुनने में जरूर अजीब लग रहा हो लेकिन प्रॉपर्टी डीलर ने कुछ ऐसा ही सब्जबाग दिखाया जिसमें पूर्व अफसर कई लोग फंस गए। राजधानी में आशियाने की चाहत में लोगों ने जैसे तैसे प्लॉट बुक कराया। हकीकत सामने आई तो सबके होश उड़ गए।लखनऊ में प्लाट बेचने के लिए ग्राहकों के लाखों रुपए का गबन और धोखाधड़ी के आरोपों में खालसा रियल स्टेट के तीन कर्मचारियों पर सीजेएम कोर्ट के आदेश पर कोतवाली नगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
कूरेभार थाना क्षेत्र के निंदूरा निवासी उदय कुमार कोविद की तहरीर पर लखनऊ की गोमती नगर स्थित खालसा रियल स्टेट प्रा.लि. कंपनी के निदेशक जोगिंदर सिंह, सह निदेशक पत्नी सुरिन्दर कौर और सेल्स मैनेजर रामनायक पांडेय पर मुकदमा दर्ज किया गया है। धोखाधड़ी का शिकार होने वालों में पूर्व युवा क्रीड़ाधिकारी राजेश वर्मा, पूर्व डीपीआरओ सर्वेश पांडेय के भांजा, पूर्व एडीओ पंचायत अजय श्रीवास्तव और कई अन्य शामिल हैं। अधिवक्ता धर्मेन्द्र श्रीवास्तव के मुताबिक वर्ष 2015 में जिला पंचायत राज अधिकारी रहे सर्वेश कुमार पांडेय ने आरोपियों से लोगों का परिचय कराया था। आरोपियों ने लखनऊ में अमृत कृपा नाम से साइट प्लान तैयार कर बेचने और कब्जा देने की बात कही थी। पहले खरीदो और एक फ्री पाओ की स्कीम के तहत उदय समेत जिले के 12 लोगों को आरोपियों ने धोखा दिया जिनसे लाखों रूपए लेने के बाद भी प्लॉट नही दिया। धन वापसी के लिए आरोपियों ने पीडीसी चेक दिए जो बाउंस हो गए। कोर्ट के आदेश पर कोतवाली नगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना सीताकुंड चौकी प्रभारी शरदेंदु द्विवेदी को दी है।
More Stories
मटिहा के मैदान में चमके टेनिस के सितारे, मेजर निर्भय चैंपियन
ईटीएफ मास्टर टेनिस चैंपियन बने नितिन और सुनील
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने फहराया तिरंगा, राष्ट्रगान की गूंज के साथ दी सलामी