BEDHADAK NEWS

BedhadakNews.in

बाजार में पुलिस कर्मी पर चाकू से किए कई वार

रायबरेली : प्रधान के बेटों से मारपीट की शिकायत पर पकड़ने गए पुलिस कर्मी पर दबंगों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इससे आसपास भगदड़ मच गई। सूचना पर पहुंचे पीआरवी पुलिस ने घायल को गंभीर हालत में सीएचसी पहुंचाया।
शनिवार की शाम लगभग साढ़े छह बजे ग्राम पंचायत भितरी के ग्राम प्रधान कौशलेंद्र सिंह उर्फ लालू सिंह के बेटे अभिषेक सिंह उर्फ शेषर सिंह ने खीरों थाना क्षेत्र के सेमरी चौकी प्रभारी जितेन्द्र कुमार यादव को फोन से सूचना दी कि खरगापुर निवासी राजेन्द्र शुक्ला उर्फ बड़े शुक्ला और नटवर लाल शुक्ला उर्फ छोटे शुक्ला उसके साथ गाली गलौज और मारपीट कर रहे हैं। चौकी प्रभारी के निर्देश पर आरक्षी के पद पर तैनात बरेली जिले का निवासी सोनू यादव होमगार्ड विमलेश साहू के साथ महरानीगंज शिकायतकर्ता के पास पहुंचा। शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपित होटल पर बैठे हुए हैं। वह जैसे ही होटल पर पहुंचा और आरोपितों से नाम पूछा। वैसे ही हमलावर होते हुए आरक्षी सोनू यादव पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। इससे वह घायल होकर गिर गया। इसी बीच दोनो हमलावर बाइक पर सवार होकर मौके से भाग गए। महरानीगंज बाजार में ही मौजूद पीआरवी पुलिस ने आनन फानन में उसे सीएचसी खीरों पहुंचाया।