BEDHADAK NEWS

BedhadakNews.in

प्रयागराज- पीईटी परीक्षा में पकड़े गये दो साल्वर व एक अभ्यर्थी


प्रयागराज। यूपी ट्रिपलएससी द्वारा आयोजित प्रारंभिक परीक्षा में प्रयागराज में दो साल्वर पकड़े गए। जिसमें एक मूल अभ्यर्थी भी गिरफ्तार हुआ है।
शिवकुटी थाना अंतर्गत सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज मे हो रही पेट की परीक्षा में एक साल्वर और एक मूल अभ्यर्थी को गिरफ्तार किया गया है, वहीं सिविल लाइंस स्थित रानी रेवती देवी इंटर कॉलेज से दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते हुए मुकेश यादव को पकड़ा गया है। जो पटना का निवासी है। पुलिस उससे पूछताछ में जुटी है।इसके अलावा शिवकुटी स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में बिहार निवासी जैकी शर्मा को आशीष कुमार यादव के स्थान पर परीक्षा देते पकड़ा गया है। आशीष मूल रूप से गाजीपुर का निवासी है, जिसे जैकी की निशानदेही पर परीक्षा केंद्र के बाहर से गिरफ्तार किया गया है।

रायबरेली में नहीं आए 10508 अभ्यर्थी

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) 2023 के लिए जिले में बनाए गए सभी 26 केंद्रों पर 14116 अभ्यर्थियों ने इम्तिहान दिया, जबकि 10508 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दोनों पालियों में 24624 अभ्यर्थी आवंटित किए गए थे। सभी परीक्षा केंद्रों में पुलिस का कड़ा पहरा रहा। गैरजनपद से आने वाले अभ्यर्थियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे और बस स्टेशन पर भी सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए। परीक्षा छूटने पर कई जगह जाम जैसी स्थिति रही।रविवार को भी दो पालियों में परीक्षा कराई जाएगी।
प्रथम पाली की परीक्षा सभी 26 केंद्रों पर 12312 अभ्यर्थी आवंटित थे, जिनमें से 6963 अभ्यर्थी उपस्थित और 5349 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में भी 12312 अभ्यर्थियों को शामिल होना था, लेकिन 7153 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। वहीं 5159 अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे। सभी परीक्षा केंद्रों में स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहे, जबकि सेक्टर मजिस्ट्रेट भी लगाए गए। प्रशासन और पुलिस के अफसरों ने भ्रमण किया।
रेलवे और बस स्टेशन जाकर अभ्यर्थियों की भीड़ पर नजर रखी, क्योंकि परीक्षा के बाद हर कोई घर लौटने के लिए रेलवे और बस स्टेशन पहुंचा। परीक्षा छूटने पर जिला अस्पताल चौराहा, डिग्री कॉलेज चौराहा, पुलिस लाइन चौराहा, रतापुर चौराहा, सारस होटल चौराहा समेत कई जगह जाम जैसी स्थिति रही। हालांकि दोनों पालियों की परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न होने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली।

अभ्यर्थियों को उम्मीद, रिजल्ट अच्छा आएगा

परीक्षा देने आईं अभ्यर्थी शिवानी मिश्रा और अमृता गुप्ता ने कहा कि जैसी तैयारी की थी, उस हिसाब से प्रश्नपत्र काफी अच्छा रहा। परीक्षा के परिणाम भी बेहतर आने की उम्मीद है। कुछ सवालों ने उलझाया, लेकिन ऐसे सवालों के पीछे समय बर्बाद नहीं किया। अंशिका सिंह ने बताया कि बहुत अच्छा पेपर रहा। इसके लिए काफी मेहनत की थी। अभिषेक तोमर, शिवांस ने कहा कि परीक्षा को लेकर काफी तैयारी की थी। पेपर अच्छा हल हुआ है। नतीजे भी अपेक्षा के अनुरूप रहेंगे। आदर्श पांडेय और विशाल सिंह ने कहा कि दूर से आना था। पेपर कहीं छूट न जाए, इसलिए पहले से ही यहां आ गए थे। समय से परीक्षा केंद्र पहुंच गया। परीक्षा दे दी है, अब रिजल्ट का इंतजार है।