BEDHADAK NEWS

BedhadakNews.in

मान्यता पांच की कक्षाएं संचालित मिली इंटर तक की, नोटिस

बीईओ अमावां ने प्राइवेट विद्यालयों का किया निरीक्षण, खुली पोल

रायबरेली। अमावां क्षेत्र में गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों की बाढ़ सी आ गई है। क्षेत्र में एक के बाद एक करके बिना मानक के ही प्राइवेट विद्यालय खुलते जा रहे हैं। मानक के विपरित चल रहे विद्यालयों की लगातार शिकायत मिलने पर शुक्रवार को बीईओ अमावां रत्नामणि मिश्रा ने क्षेत्र के प्राइवेट विद्यालयों का निरीक्षण किया। विद्यालयों के निरीक्षण में बीईओ अमावां ने पाया कि प्राइवेट विद्यालयों की मान्यता महज पांचवीं तक है और कक्षाओं का संचालन इंटर तक किया जा रहा है। बिना मान्यता के ही इंटर तक विद्यालयों को संचालित किए जाने पर नाराज बीईओ ने सभी प्रबंधकों को नोटिस जारी करके जवाब मांगा है।
खण्ड शिक्षाधिकारी अमावां रत्नामणि मिश्रा ने शुक्रवार को अमावां क्षेत्र के संकुल बल्ला में संचालित प्राइवेट विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्हें मान्यता से अधिक कक्षाओं का संचालन मिला। बघई अहलवार ग्रामसभा के पूरे महादेवन गांव स्थित शिवहर्ष पब्लिक स्कूल की मान्यता महज पांचवीं क्लॉस तक वहीं यहां पर इंटर तक की कक्षाओं का संचालन पाया गया। थुलवासा में स्थित शिव गोविंद विद्यालय जिसकी मान्यता महज पांचवीं क्लॉस तक है, यहां पर कक्षाओं का संचालन इंटर तक पाया गया। इसके अलावा ज्ञान विद्या मंदिर जिसकी मान्यता आठवीं क्लॉस तक है, यहां पर कक्षाओं का संचालन इंटर तक पाया गया। इसके अलावा मदरसा के रूप में संचालित इंडियन पब्लिक स्कूल जिसकी मान्यता दसवीं तक है, यह इंटर तक संचालित पाया गया। बीईओ अमावां को सभी विद्यालयों में कार्यरत स्टॉफ में भी शिक्षक बिना डिग्री के ही पढ़ाते हुए मिले। बीईओ रत्नामणि मिश्रा ने सभी विद्यालयों को नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण मांगा है। वहीं, उन्होंने कहा कि अगर विद्यालयों का संचालन मान्यता से अधिक कक्षाओं का होता है तो एसडीएम व अन्य उच्चाधिकारियों को भी अवगत कराते हुए विद्यालयों का संचालन बंद कराया जाएगा। बीईओ अमावां ने पाया कि यहां इंटर तक पढ़ने वाले अधिकतर बच्चे स्वामी दयानंद पब्लिक स्कूल घूराडीह और धुन्नी सिंह स्मारक विद्यालय पूरे गुमान में पंजीकृत है। उन्होंने इन दोनों ही विद्यालयों को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।