
– लालगंज में दो महिला, जबकि महराजगंज कोतवाली क्षेत्र में युवक की मौत
शशांक सिंह राठौर
रायबरेली : तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आने से लालगंज और महराजगंज कोतवाली क्षेत्र में दो महिलाओं समेत तीन की मौत हो गई। लालगंज कोतवाली क्षेत्र के सैमसी गांव लालगंज-उन्नाव निर्माणाधीन नेशनल हाईवे के किनारे बसा है। गांव की रामकली( 60 ) और फूलमती (65) बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे हाईवे से होकर जंगल की ओर शौच के लिए जा रही थी। तभी लालगंज की ओर से आ रहे डीसीएम ट्रक के चालक ने दोनों महिलाओं को पीछे से कुचल दिया। इससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों का मजमा लग गया, हालांकि लालगंज कोतवाल शिव शंकर सिंह मय फोर्स घटनास्थल पर आनन-फानन पहुंच गए, जिससे किसी भी प्रकार का वाद विवाद नहीं हुआ। कोतवाल ने मृतक महिलाओं के परिजनों को शांत कराकर दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं परिजन साहबदीन और शिव प्रकाश की तहरीर पर चालक और दुर्घटना करने वाले ट्रक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही चालक और ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। महिलाओं की मौत से दोनों परिवारों में मातम छा गया है।
उधर, मंगलवार देर रात लगभग 10 बजे महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के हलोर निवासी 25 वर्षीय सनिल मिश्रा पुत्र दुर्गा प्रसाद मिश्रा गांव में ही किराना की दुकान चलाते हैं। हलोर बाजार स्थित नेचर केयर माल से कुछ सामान लाने जा रहे थे, तभी हैदरगढ़ की तरफ से महराजगंज की ओर जा रही अनियंत्रित पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप घायल होकर अचेत हो गया। घटना की जानकारी होते ही मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से युवक को लखनऊ ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मौत की खबर से परिजनों सहित क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। कोतवाल बालेंदु गौतम ने बताया कि मार्ग दुर्घटना में घायल युवक की मौत ट्रामा सेंटर में हुई है।
More Stories
मटिहा के मैदान में चमके टेनिस के सितारे, मेजर निर्भय चैंपियन
ईटीएफ मास्टर टेनिस चैंपियन बने नितिन और सुनील
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने फहराया तिरंगा, राष्ट्रगान की गूंज के साथ दी सलामी