BEDHADAK NEWS

BedhadakNews.in

रायबरेली के झकरासी की रूपरानी का भोजन सबसे लजीज और पौष्टिक

पीएम पोषण योजना के तहत बीआरसी नगर क्षेत्र में रसोइया पाक कला प्रतियोगिता

शशांक सिंह राठौर

रायबरेली : बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से रसोइया पाक कला का आयोजन बीआरसी नगर क्षेत्र पुलिस लाइन में किया गया। नगर क्षेत्र और 18 ब्लाक के विभिन्न विद्यालयों से 30 रसोइयों ने प्रतिभाग किया। इसमें झकरासी की रसोइया रूपरानी का भोजन सबसे लजीज और पौष्टिक चुना गया। मुख्य अतिथि ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। सीडीओ ने कहा कि बच्चे घर के बाद आप के द्वारा बनाए गए भोजन को ग्रहण करते हैं। ऐसे में पौष्टिकता के साथ ही स्वच्छता का विशेष ध्यान देने की जरूरत हैं। घर के बाद से आपके हाथों का भोजन करते हैं। बीएसए ने कहा कि शासन की मंशानुरूप भोजन विद्यालयों में बनना चाहिए।

पीएम पोषण (मध्यान्ह भोजन) योजनान्तर्गत मध्यान्ह भोजन प्राधिकरण के द्वारा प्रदत्त निर्देशों के अनुक्रम में जिलाधिकारी हर्षिता माथुर के निर्देशानुसार गुरुवार को कार्यक्रम का शुभारम्भ विशिष्ट अतिथि मुख्य विकास अधिकारी पूजा यादव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवेन्द्र प्रताप सिंह, वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक शिक्षा, रायबरेली मोहित ने दीप प्रज्वलित करके किया। कार्यकम में निर्णायक समिति के सदस्य अपराजिता तिवारी खाद्य एवं सुरक्षा अधिकारी, अंजली गुप्ता स्वास्थ्य एवं शिक्षा अधिकारी, सुमन सिंह उप प्रधानाचार्य जीजीआईसी रायबरेली, दीपमाला दीक्षित गृह विज्ञान शिक्षा जीजीआईसी रायबरेली उपस्थित रही। कार्यकम का संचालन एसएस पाण्डेय और रेनू शुक्ला जिला व्यायाम शिक्षिका ने किया।

रसोइया पाक कला प्रतियोगिता में रसोइयों द्वारा रोटी-सब्जी, तहरी एवं खीर व्यंजन तैयार किया गया। समिति द्वारा खाने को चखते हुए गुणवत्ता एवं अनुभव के आधार पर रसोइयों को अंक प्रदान किये गये। इसमें रूपरानी कम्पोजिट विद्यालय झकरासी, विकास क्षेत्र राही को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। इसी प्रकार नीतू कम्पोजिट विद्यालय पुलिस लाइन, विकास क्षेत्र नगर को द्वितीय स्थान और कर्मा देवी प्राथमिक विद्यालय अम्बरपुर, विकास क्षेत्र छतोह को तृतीय स्थान मिला। समस्त रसोइयों को सर्टीफिकेट व पुरस्कार देकर निर्णायक समिति के सदस्यों द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन नायब तहसीलदार सदर संध्या यादव, खंड शिक्षा अधिकारी नगर क्षेत्र धर्मेश द्वारा किया गया।कार्यक्रम में जिला समन्वयक एमडीएम विनय तिवारी ने सभी पदाधिकारियो व रसोइयों को सादर आभार व धन्यवाद ज्ञापित किया। इस मौके पर कपिल कुमार, संजीव, हितेश, पंकज द्विवेदी, दीपशिखा, सागर आदि मौजूद रहें।