BEDHADAK NEWS

BedhadakNews.in

शिवाजी महाराज पर व्याख्यान में शामिल होंगे हिमाचल के राज्यपाल

– दिव्य प्रेम सेवा मिशन अवध अंचल की तरफ से शनिवार को एफजी कॉलेज में आयोजित किया जाएगा कार्यक्रम

रायबरेली। महाराज शिवाजी द्वारा स्थापित हिंदवी स्वराज के 350वें वर्ष पर लखनऊ में 26 से 31 अक्टूबर के बीच में दिव्य प्रेम सेवा मिशन की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उसी कड़ी में शनिवार को शहर में छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित विश्व का सबसे बड़ा ऐतिहासिक महानाट्य “जाणता राजा” के संदर्भ में व्याख्यान कार्यक्रम फिरोज गांधी कॉलेज के सभागार में नौ सितंबर को आयोजित होने जा रहा है। इसमें मुख्य अतिथि हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला व मुख्य वक्ता कुंवर रघुराज प्रताप सिंह “राजा भैया” होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ला व विशेष प्रवेश दिव्य प्रेम सेवा मिशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष गौतम होंगे।
शहर के जेवीआर होटल में आयोजित प्रेस कांफ्रेस में कार्यक्रम के संयोजक दिनेश सिंह राठौर ने बताया कि हिन्दू कुल के गौरव, मराठाओं की शान छत्रपति शिवाजी महाराज का राज्याभिषेक 6 जून 1674 को हुआ था। शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक की तिथि उस कालखंड में भारतीय अस्तित्व के दमन से भरा था। ऐसे में हिन्दवी स्वराज्य या हिन्दू साम्राज्य की स्थापना इतिहास की वह अद्भुत घटना हैं, जिसके उदाहरण दुनियां में बहुत ही कम मिलते हैं । समाजसेवा के लिए काम करने वाला दिव्य प्रेम सेवा मिशन इस उत्सव को बहुत ही खास तरीके से मनाने जा रहा है। कार्यक्रम के सहसंयोजक अखण्ड प्रताप सिंह ने बताया कि ‘जाणता राजा’ के संदर्भ में आयोजित व्याख्यान का विषय “छत्रपति शिवाजी महाराज का व्यक्तित्व एवं कृतित्व वर्तमान परिस्थिति में” रखा गया है। लखनऊ में होने वाले महानाटक ‘जाणताराजा’ के बारे में उन्होंने बताया कि विश्व का सबसे बड़ा महानाट्य भारत के गौरवशाली अतीत का मंचन होगा। इतिहासकार बाबा साहेब पुरंदरे ने मराठी भाषा में 1985 में इस नाटक को शुरू किया था। इस नाटक का मंचन अमेरिका और इंग्लैण्ड सहित दुनियाभर के 1,300 से ज्यादा मंचन हो चुका है।
उन्होंने बताया कि दिव्य प्रेम सेवा मिशन की तरफ से 26 से 31 अक्टूबर को लखनऊ में हिंदवी स्वराज के 350वें वर्ष पूरे होने पर विशाल कार्यक्रम आयोजित करने जा रहा है। लखनऊ के जनेश्वर मिश्रा पार्क में ‘जाणता राजा’ महानाटक का मंचन किया जाएगा। लखनऊ से लेकर आसपास जिलों से सवा लाख लोगों को यह नाटक दिखाया जाएगा। इस कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ करेंगे। व्यवस्थापक मंडल के सदस्य इंजीनियर विजय रस्तोगी ने बताया कि कार्यक्रम 9 सितंबर को शाम चार बजे आयोजित होगा जिसमें शिवाजी महाराज के जीवन पर एक बड़ा व्याख्यान सुनने का मौका मिलेगा।