BEDHADAK NEWS

BedhadakNews.in

धान केंद्रों पर किसानों की सुविधाओं का रखे ख्याल- जिलाधिकारी

शशांक सिंह राठौर
रायबरेली : जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने महाराजगंज स्थित धान क्रय केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने डिप्टी आरएमओ को निर्देश देते हुए कहा कि क्रय केंद्र पर किसानों की सुविधाओं का पूरा ख्याल रखा जाए। उन्हें लाइन में ना लगाया जाए और समय से उनके धानो का क्रय किया  जाए। उन्होंने कहा कि अब तक क्रय किए गए धानो का रखरखाव ठीक प्रकार से किया जाए।  बारिश के पानी से बचने के लिए पर्याप्त व्यवस्था रखी जाए। किसानों को क्रय केंद्र पर अपने धानो की बिक्री करने के लिए प्रेरित किया जाए। इसके लिए प्रचार-प्रसार भी कराया जाए। जिलाधिकारी के साथ पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी भी उपस्थित रहे।
जनता की समस्याओं का शीघ्र हो निस्तारण

जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी के साथ तहसील महाराजगंज में सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर लोगों की समस्याएं सुनी। इस दौरान डीएम ने राजस्व के मामले सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि राजस्व विवाद के मामले में पुलिस विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मामलो की जांच करे। जांच के दौरान दोनों पक्षों की बातें अवश्य सुनी जाए। उसके उपरांत ही निर्णय लिया जाए। जिलाधिकारी के सामने स्वास्थ्य, सुरक्षा, बिजली, पानी, सड़क, भूमि विवाद से संबंधित मामले आए। जिन्हें शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश उन्होंने अधिकारियों को दिए। इस दौरान जिलाधिकारी के सामने कल 40 मामले आए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का गुणवत्तापरक निस्तारण किया जाए और इस बात का खास ख्याल रखा जाए कि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़े। जनता की समस्याओं का जल्द से जल्द निस्तारण करने का प्रयास किया जाए। इस मौके पर उपजिलाधिकारी महाराजगंज, तहसीलदार, नायब तहसीलदार के अतिरिक्त सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।