BEDHADAK NEWS

BedhadakNews.in

रायबरेली में ट्रैक्टर चालक की लाठी-डंडों और सरिया से पीटकर हत्या

-परिजनों से महराजगंज-रायबरेली मार्ग पर शव रखकर लगाया जाम

रायबरेली। महराजगंज के याकूबगंज के ट्रैक्टर चालक की लाठी-डंडों और सरिया से मारपीट कर हत्या कर दी गई। गुरुवार सुबह परिजनों से हत्या का आरोप लगाते हुए महराजगंज-रायबरेली मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। कोतवाल द्वारा आरोपियों पर केस दर्ज कर कार्यवाही करने के आश्वासन पर जाम खुल गया। पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है।

थुलवासा चौकी से चंद कदम दूर महराजगंज-रायबरेली मुख्य मार्ग के किनारे स्थित याकूबगंज गांव में ट्रैक्टर चालक गंगाराम को सरिया और लाठी-डंडों से पीटकर हमलावर घर के पास सड़क पर बेहोशी हालत में बुधवार देर शाम छोड़ गए थे।गंगाराम के मरणासन्न हालत में पड़े होने की सूचना पर पहुंची चौकी पुलिस ने उसे परिजनों के हवाले कर दिया। ट्रैक्टर चालक के परिजन उसे लेकर सीएचसी पहुंचे जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया। दूसरे दिन गुरुवार सुबह करीब 8 बजे युवक की मौत हो गई। जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस मामले को सड़क दुर्घटना बताने लगी। मृतक की मां शिवदुलारी ने बताया कि उसका बेटा गंगाराम थुलवासा के ही 999 ईंट भट्टे पर ट्रैक्टर चालक है। वह रोज की तरह बुधवार सुबह 8 बजे अपने घर से भट्ठे के निकला था। आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने उसकी लाठी-डंडों और सरिया से पिटाई की है। पिटाई के बाद उसे मरणासन्न हालत में घर के पास सड़क के किनारे छोड़ गए। रात में पुलिस पहुंची लेकिन उसने सड़क हादसा बता कर पल्ला झाड़ लिया। परिवारीजनों का आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने उसकी हत्या कर दी है। मृतक के पिता हरीराम की शिकायत पर पुलिस ने गांव के ही विनोद पुत्र सुंदर व मंशाराम पुत्र सुदामा को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। कोतवाल बालेंदु गौतम ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना की जांच की जा रही है। रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों का पता चल पाएगा। दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।क्षेत्राधिकारी इंद्रपाल सिंह ने बताया कि बुधवार शाम गंगाराम अपने घर के सामने सड़क पर अत्यधिक नशे की हालत में घायलावस्था में पड़ा मिला था। जिसे तत्काल सीएचसी महराजगंज भेजवाया गया। गुरुवार सुबह घर पर उसकी मौत हो गई। शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौके पर कानून व्यवस्था संबंधी शिकायत नहीं है।