BEDHADAK NEWS

BedhadakNews.in

वीरों को सच्ची श्रद्धांजलि है मेरी माटी मेरा देश अभियान

– शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मियों और छात्र-छात्राओं को पंच प्रण की दिलाई शपथ
रायबरेली: मेरी माटी मेरा देश एक अभियान नहीं बल्कि वीरों को सच्ची श्रद्धांजलि है। इस अभियान के माध्यम से हम आजादी की लड़ाई में अपना सबकुछ न्यौछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बारे में अनभिज्ञ युवाओं को वीरगाथा से परिचित हो रहे हैं। आज हम वीर सेनानियों की वजह से ही खुली हवा में सांस ले पा रहे हैं। देश के प्रति उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। उक्त बातें नगर पालिका परिषद अधिशासी अधिकारी स्वर्ण सिंह ने कही।
नगर पालिका परिषद की ओर से 34 वार्डों में निकाली गई अमृत कलश यात्रा
इससे पहले अभियान के तहत नगर पालिका परिषद की ओर से 34 वार्डों में अमृत कलश यात्रा निकाली गई। अधिशासी अधिकारी स्वर्ण सिंह के नेतृत्व में पालिका कर्मियों ने विद्यालयों में जाकर बच्चों को प्रेरित किया। वहीं उन्हें आजादी की लड़ाई में शामिल स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बारे में बताया। इसके बाद सभी को पंच प्रण की शपथ दिलाई। इसमें प्रत्येक वार्ड में गठित स्वच्छ वातावरण प्रोत्साहन समिति, स्वास्थ्य अनुभाग, कर अनुभाग के अधिकारी कर्मचारी के साथ नगर पालिका बालिका इंटर कालेज, न्यू स्टैंडर्ड बालिका इंटर कालेज, राजकीय इंटर कालेज, गोपाल सरस्वती विद्या मंदिर आदि विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट, स्काउट-गाइड आदि शामिल हुए।

नगर पालिका इंटर कालेज की छात्राओं ने वीरों का वंदन कार्यक्रम प्रस्तुत किया। इस दौरान इंडियन स्वच्छता लीग 2.0 के तहत स्वच्छता जागरूकता अभियान और संचारी रोग बचाव के लिए संगोष्ठी का आयोजन किया गया। साथ ही स्वच्छता सारथी क्लब का गठन भी किया गया। इसमें सभी ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।