BEDHADAK NEWS

BedhadakNews.in

सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य का करीबी गिरफ्तार

– उपकेंद्र में तोड़फोड़ कर कर्मचारियों के साथ की थी मारपीट

रायबरेली। सपा नेता व पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के करीबी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। करीबी पर उपकेंद्र में घुसकर तोड़फोड़ करने के साथ कर्मचारियों के साथ मारपीट करने का आरोप है।

तहसील उपकेंद्र के अवर अभियंता शंभूनाथ का आरोप है कि बुधवार रात करीब साढ़े 12 बजे उपकेंद्र के परिचालक गुलाब यादव और उनके सहायक रोहित यादव द्वारा विद्युत लाइन ठीक कराई जा रही थी। इस बीच दीपू मौर्य ने पहले उपकेंद्र के सीयूजी फोन पर गाली गलौज की । उसके कुछ देर बाद अपने पांच साथियों के साथ उपकेंद्र पहुंच गया । आरोप है कि इन लोगों ने वहां मौजूद सहायक रोहित यादव के साथ मारपीट करते हुए सीयूजी फोन पटक कर तोड़ दिया । कार्यालय में रखे सरकारी अभिलेख भी फाड़ डाले। यही नहीं रोहित यादव के पर्स से एक हजार सात सौ रुपए भी छीन लिए । यह भी आरोप है कि आरोपी इतने मनबढ़ हैं। कि इससे पूर्व भी यह लोग उपकेंद्र में मारपीट कर चुके हैं। अवर अभियंता की दर्ज तहरीर पर मंगलवार को नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस पहले मुकदमा दर्ज करने कर रही थी आनाकानी

नगर के रेलवे स्टेशन रोड निवासी दीपू मौर्य जिसे भाजपा सरकार में स्वामी प्रसाद मौर्य ने निकाय के पिछले कार्यकाल में नगर पंचायत में सभासद मनोनीत करवाया था । बताते हैं कि सपा नेता और जिले के एक भाजपा नेता की जुगलबंदी जगजाहिर है। जिसके चलते ऊंचाहार पुलिस पहले मुकदमा लिखने में आनाकानी कर रही थी लेकिन मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में जाने के बाद ऊंचाहार पुलिस को मामला दर्ज करना पड़ा था। आरोपित हाल ही में नगर के एक रेस्टोरेंट में वेटर की हत्या के मामले में जमानत पर रिहा हुआ था। मामले में विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता की तहरीर पर दीपू मौर्य और उसके पांच अन्य साथियों के विरुद्ध कोतवाली में मामला दर्ज हुआ था।