
रायबरेली : जनपद में सराहनीय सेवाएं देने वाली महिला पुलिसकर्मियों को सम्मानित किए जाने के लिए स्थानीय किरण हाल में महिला पुलिस सम्मान समारोह आयोजित किया गया है। माधव सेवा संस्थान के तत्वावधान में आयोजित इस समारोह के मुख्य अतिथि अपर पुलिस अधीक्षक नवीन कुमार सिंह ने सीओ वंदना सिंह समेत 35 महिला पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया।

एएसपी ने कहा कि बदलते परिवेश में आज महिलाएं प्रत्येक क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर रही है, जो सराहनीय है। उन्होंने यह भी कहा कि महिला पुलिसकर्मियों की सड़क पर सक्रिय उपस्थिति मात्र से आम महिलाओं के अंदर सुरक्षा का भाव उत्पन्न होता है। समारोह में क्षेत्राधिकारी नगर वंदना सिंह के अलावा शिवानी वर्मा, शीतल चहल, गुंजन मिश्रा, प्रज्ञा सिंह, नीलम मिश्रा, निहारिका गिरी सहित जनपद की 35 महिला पुलिसकर्मियों को अंगवस्त्र और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। क्षेत्राधिकारी नगर वंदना सिंह ने कहा कि पुलिस द्वारा समाज में अच्छा कार्य किये जाने का माधव सेवा संस्थान द्वारा आकलन कर सम्मान दिये जाने का निर्णय सराहनीय है। इससे महिला पुलिसकर्मियों का निश्चित रूप से उत्साहवर्धन होता है। संस्थान के संरक्षक अरविंद श्रीवास्तव, एडवोकेट ने आए हुए अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि मिशन शक्ति और नारी सशक्तिकरण का यह कार्यक्रम विशेष रूप से उन महिला पुलिसकर्मियों के लिए समर्पित है, जो दिन रात मेहनत कर के समाज में प्रत्येक महिलाओं को भयमुक्त वातावरण प्रदान कर रहीं हैं। इस अवसर पर संस्थान की अध्यक्ष प्रियंका अवस्थी और व्यापार मंडल के अध्यक्ष त्रिलोचन सिंह छाबड़ा ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। संस्थान की अध्यक्ष ने बताया कि इस वर्ष महिला पुलिस दिवस को पूरे सप्ताह भर मनाया गया है। 12 सितंबर से प्रारंभ हुए इस कार्यक्रम का समापन पुलिस अधीक्षक कार्यालय में संपन्न हुआ। इस मौक़े पर संस्थान की उपाध्यक्ष उषा किरण सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
More Stories
मटिहा के मैदान में चमके टेनिस के सितारे, मेजर निर्भय चैंपियन
ईटीएफ मास्टर टेनिस चैंपियन बने नितिन और सुनील
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने फहराया तिरंगा, राष्ट्रगान की गूंज के साथ दी सलामी