BEDHADAK NEWS

BedhadakNews.in

डीएम के तेवर से अफसरों के उड़े होश, सवाल पर बगल झांकते रहे जिम्मेदार

रायबरेली : जिले की नवागंतुक डीएम हर्षिता माथुर के तेवर से दिनभर अफसरों के होश उड़े रहे। वह चाहे जिला अस्पताल का निरीक्षण हो या फिर बचत भवन में अलग-अलग विभागों की बैठक। जिलाधिकारी ने एक के बाद सवाल दागे तो अफसर बगल झांकते नजर आए। जिला अस्पताल में तो पोषण पुनर्वास को देखकर बिफर ही पड़ी। बच्चों की कम संख्या पर पूछने लगी कि जिले में 18 ब्लाक हैं। कि फिर क्या एक ब्लाक से एक बच्चा भी नहीं भर्ती किया जा सकता है। इस पर कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद उन्होंने प्रत्येक यूनिट को देखा। मौजूद चिकित्सक हर तरह से संतुष्ट करने की कोशिश में लगे रहे, लेकिन डीएम ने सबकुछ छोड़कर सिर्फ जमीनी हकीकत को देखा। मरीजों और तीमारदारों से व्यवस्था के बारे में पूछा। वहीं एसटीपी में देरी पर सीएमएस महेंद्र मौर्य खुद को बचाते हुए पूरा ठीकरा कार्यदाई संस्था के मत्थे मढ़ दिया। इस पर जिलाधिकारी ने लापरवाही करने वालों पर कार्रवाई की बात कही।
इस दौरान कार्डियोलॉजी यूनिट, लैब, अल्ट्रासाउंड कक्ष, एक्सरे रूम, टेली मेडिसन सेंटर से लेकर जनरल वार्ड तक गई। व्यवस्था को देखा और दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
विकास कार्यों में शिथिलता नहीं हाेगी बर्दाश्त
जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने बचत भवन में विकास कार्यों की समीक्षा में मौजूद अफसरों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि किसी भी तरह की शिथिलता बर्दाश्त नहीं होगी। पीडब्लूडी अधिकारियों से जनपद की खराब सड़कों के कारणों के बारे में गहन पूछताछ की। साथ ही जल्द मरम्मत कराने को कहा। कृषि उपनिदेशक से किसानों को दी जा रही योजनाओं तो मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी से गोशालाओं के बेहतर रख रखाव के लिए कहा।
 
ईओ को साफ-सफाई बेहतर बनाने के दिए निर्देश
जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने संचारी रोग नियन्त्रण अभियान की बैठक बचत भवन में मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिया की वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिए समय समय पर टीकाकरण अभियान चलाया जाए। ईओ नगरपालिका को निर्देश दिया की साफ सफाई पर विशेष ध्यान  दिया जाए। नालियों की साफ सफाई के साथ फॉगिंग भी लगातार किया जाए।