BEDHADAK NEWS

BedhadakNews.in

कस्तूरबा विद्यालय की आठ छात्राएं बीमार, मची अफरा-तफरी

– वार्डन ने एंबुलेंस से पहुंचाया सीएचसी, घटिया खाना खाने की जताई जा रही आशंका

रायबरेली: कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय कुमेदानगंज में अध्ययनरत आठ छात्राएं अचानक बीमार हो गई। हालत बिगड़ता देख विद्यालय वार्डन समेत अन्य कर्मियों के होश उड़ गए। आनन-फानन में एंबुलेंस से सभी को सीएचसी लाया गया, जहां उपचार के बाद हालत सामान्य होने पर विद्यालय भेज दिया गया। चिकित्सक का कहना है कि वार्डन द्वारा कुछ नहीं बताया गया। बच्चियां पेट दर्द, सिर दर्द आदि से पीड़ित थी।
बुधवार को कस्तूरबा आवासीय बालिका विद्यालय कुमेदानगंज जगतपुर में अध्ययनरत पलक, काजल, सेजल, शालिनी, रूपाली, निक्की, मुस्कान, ज्योति की हालत बिगड़ने लगी। एक- एक करके सिर दर्द, पेट दर्द और कमर में दर्द से कराहने लगी। मामला बिगड़ता देख एंबुलेंस को बुला लिया गया। सभी को अस्पताल पहुंचाया गया। सीएचसी के अधीक्षक प्रजेश श्रीवास्तव ने बताया कि आठ छात्राएं आई थी, जिनको उपचार के बाद उनके विद्यालय भेज दिया गया। वार्डन द्वारा उनके हालत बिगड़ने के बाबत कुछ नहीं बताया गया। इस संदर्भ में वार्डन को फोन मिलाया गया तो कोई जवाब नहीं मिला। वहीं जिला समन्वयक बालिका विनय तिवारी ने भी घटना की जानकारी होने से इन्कार किया है। उन्होंने बताया कि वार्डन द्वारा ऐसी कोई सूचना नहीं दी गई। वहीं अस्पताल में इलाज कराने आए रोगियों का कहना है कि खाने में गड़बड़ी से ऐसा हुआ होगा।