
डीपीआरओ ने ऊंचाहार, सतांव, सरेनी, गौरा और रोहनिया के सहायक विकास अधिकारियों से मांगा जवाब
शशांक सिंह राठौर
रायबरेली। मॉडल ग्राम घोषित करने में हीलाहवाली करना सहायक विकास अधिकारियों को महंगा पड़ गया। जिला पंचायत राज अधिकारी ने लापरवाही बरतने पर पांच एडीओ पंचायत को कारण बताए नोटिस जारी करते हुए जवाब मांगा है। सबसे खराब दशा सरेनी और रोहनिया की है जहां पर एक भी गांव को मॉडल ग्राम नहीं घोषित किया जा सका है।
विकासखंड दीन शाह गौरा में 16 मॉडल गांव चयनित किए हैं और केवल एक गांव को घोषित किया गया है। इसी तरह ऊंचाहार में 13 मॉडल गांव हैं और केवल दो गांव को घोषित किया गया है। सतांव में 13 मॉडल गांव चयनित हैं और 4 गांव घोषित किए गए हैं। सरेनी में 25 मॉडल गांव हैं और एक भी गांव घोषित नहीं किया गया है। इसी तरह रोहनिया में तीन ग्राम पंचायत मॉडल गांव की श्रेणी में हैं और एक भी गांव को मॉडल घोषित नहीं किया गया है।
डीपीआरओ नवीन कुमार सिंह ने मामले में लापरवाही को लेकर एडीओ पंचायत कैलाश नाथ पटेल, संजीव कुमार शर्मा, प्रणवीर प्रताप सिंह, सतेंद्र मिश्रा और बिकाऊ प्रसाद को कारण बताओ नोटिस दिया है।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत सभी घरों को शौचालय मुहैया कराने के बाद अब शासन ने दूसरी पहल शुरू कर दी है। योजना के तहत 2024-25 तक जिले के सभी गांवों को पूरी तरह से स्वच्छ बनाने की कोशिश शुरू कर दी है। इसके पहले चरण में स्वच्छ भारत मिशन फेज-2 के तहत जिले के चयनित गांवों को ओडीएफ प्लस में शामिल करते हुए मॉडल गांव के रूप में विकसित करने के लिए चिह्नित किया गया है। गांवों का चयन करने के बाद पूरी तरह से स्वच्छ व गंदगी मुक्त बनाने के लिए बिंदुवार तैयार कार्ययोजना तैयार कर ग्राम पंचायत स्वच्छता प्लान के तहत पंचायतीराज पोर्टल पर ऑनलाइन अपलोड किया जा चुका है।
मॉडल गांवों में होंगे यह कार्य
चयनित मॉडल गांवों में सार्वजनिक स्थानों पर डस्टबिन, कचरा ढोने के लिए ई-रिक्शा अथवा ट्राई साइकिल के साथ ही कूड़ा संग्रहण एवं पृथक्करण केंद्र बनाए जाएंगे। केंद्र में एकत्रित कचरे से प्लास्टिक को अलग किया जाएगा।
More Stories
न्यू विजन स्कूल के छात्रों का शानदार प्रदर्शन
बेटियों के सिर पर ताज, इंटर में वीणापाणि की नंदिनी टापर
शाबास लखनऊ…उजड़े परिवारों को बसाने आएआगे