BEDHADAK NEWS

BedhadakNews.in

जानलेवा हमले में घायल की मौत पर खाकी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन

— कोतवाली पुलिस की कार्यशैली पर भड़के लोग, पुलिस मुर्दाबाद के लगे नारे
रायबरेली:  सलोन कोतवाली क्षेत्र के मतरमपुर में उस वक्त ग्रामीण आक्रोशित होकर पुलिस मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे, जब जानलेवा हमले में घायल की मौत की खबर गांव पहुंची। आक्रोशित लोगों ने आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर जमकर नारेबाजी की। माहौल बिगड़ता देख हरकत में आई कोतवाली पुलिस ने आनन-फानन में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किसी तरह लोगों को शांत कराया।
गांव के पंचू सरोज गुरुवार को लावना भवानीगंज से टुल्लू मशीन खरीद कर घर लौट रहा था। आरोप है गांव के पास चंद्रपाल, रवि, किसुनपाल, धर्मपाल व एक अन्य युवक ने हमला कर दिया। उसके शोर मचाने पर जब तक लोग पहुंचने, तब तक हमलावर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल पंचू को लेकर परिवारजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद पंचू को केजीएमयू लखनऊ ले जाया गया, जहां सोमवार को उसकी मौत हो गई। हमले के मामले में शनिवार को ही पंचू की पत्नी श्रीमती ने सलोन कोतवाली में तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। मौत की खबर गांव पहुंची तो लोग आक्रोशित हो गए। मंगलवार को ग्रामीणों के साथ परिवारजन विरोध प्रदर्शन करने लगे। सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक नारायण कुशवाहा टीम के सामने ही ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद का नारा लगाना शुरू कर दिया।