सरकारी प्रतिभूतियों और ऋण पूंजी बाजार में बैंक की उपस्थिति मजबूत करने की पहल

रायबरेली। बैंक ऑफ बड़ौदा ने अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी बॉब सिक्योरिटीज एंड गिल्ट एज लिमिटेड के गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी-एनडी-आईसीसी) के रूप में परिचालन शुरू करने की घोषणा की है। इस पहल का उद्देश्य सरकारी प्रतिभूतियों और ऋण पूंजी बाजार में बैंक की उपस्थिति मजबूत करने के साथ वित्तीय सेवाओं के दायरे का विस्तार करना है।
एनबीएफसी के रूप में परिचालन शुरू होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कंपनी के कॉरपोरेट नाम और लोगो का अनावरण किया गया। साथ ही कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट भी शुरू की गई। बैंक की इस पहल को बॉब समूह की वित्तीय सेवाओं में विविधता लाने और नए व्यावसायिक अवसर विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
बैंक ऑफ बड़ौदा के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. देबदत्त चांद ने कहा कि बॉब सिक्योरिटीज एंड गिल्ट एज लिमिटेड बैंक की महत्वपूर्ण रणनीतिक पहल है। एनबीएफसी के रूप में परिचालन शुरू होने से सरकारी प्रतिभूतियों और ऋण पूंजी बाजार में बैंक की भूमिका को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि कंपनी बाजार निर्माण और इससे जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से भारतीय वित्तीय बाजारों के विकास में योगदान देगी। इससे बाजार की कार्यक्षमता बढ़ाने और निवेशकों की भागीदारी को प्रोत्साहित करने में मदद मिलेगी। इसमें भारतीय रिजर्व बैंक के रिटेल डायरेक्ट प्लेटफॉर्म के माध्यम से निवेश करने वाले निवेशकों की भागीदारी भी शामिल है।
डॉ. चांद के मुताबिक, विशिष्ट वित्तीय सेवाओं पर केंद्रित अनुषंगी कंपनियां बैंक के कारोबार को विस्तार देने और बॉब समूह को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। कार्यक्रम में बैंक ऑफ बड़ौदा के निदेशक, बॉब सिक्योरिटीज एंड गिल्ट एज लिमिटेड के निदेशक और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
More Stories
वैश्य समाज किसी पार्टी का बंधुआ मतदाता नहीं – डॉ सुमंत
कायस्थ समाज के हितों की रक्षा प्राथमिकता
बॉब ने दिवाली में खोला उपहारों की पिटारा