BEDHADAK NEWS

BedhadakNews.in

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की भर्ती में सहायिकाओं को मिलेगी वरीयता

– जिले में 421 पदों पर भर्ती के लिए पोर्टल पर आरक्षणवार ब्योरा फीड का चल रहा कार्य
रायबरेली: आंगनबाड़ी केंद्रों पर सहायिका पद पर कार्य कर रही महिलाओं को कार्यकर्ता बनने का सुनहरा मौका है। जिले में 421 रिक्त पदों पर चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पहले चरण में सहायिकाओं की प्रोन्नति की जाएगी। इसके बाद शेष बचे पदों पर आवेदकों को मौका दिया जाएगा।
जिले में कुल 2833 आंगनबॉड़ी केंद्र संचालित हैं। इनमें 275 मिनी आंगनबाड़ी केंद्र भी शामिल हैं। मिनी आंगनबॉड़ी में एक कार्यकर्ता और आंगनबॉड़ी में कार्यकर्ता के साथ एक सहायिका की भी नियुक्त होती है। वर्तमान में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के 421 पद लंबे समय से रिक्त चल रहे हैं। इससे विभागीय योजनाओं के संचालन में परेशानी हो रही है। इसके अलावा सहायिकाओं के भी करीब पांच सौ पद रिक्त हैं। वहीं काफी संख्या में केंद्र बंद होने के कारण गांव स्तर पर बच्चों और गर्भवती महिलाओं व किशोरियों को बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से संचालित योजनाओं का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है। इससे पहले वर्ष 2021 में शासन ने रिक्त आंगनबाड़ी व सहायिकाओं के पदों को भरने की कवायद शुरू की थी, लेकिन बाद में रोक लग गई। विभाग की योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं को देखते हुए एक बार फिर से शासन ने बाल विकास परियोजना विभाग ने रिक्त पदों पर भर्ती की तैयारी शुरू कर दी है।
जिला कार्यक्रम कार्यालय की ओर से आरक्षण वार खाली पदों का डॉटा विभागीय वेबसाइट पर अपलोड किया जा रहा है। प्रथम चरण में शासनादेश के मुताबिक शर्तें पूरी करने वाली सहायिकाओं काे आंगनबॉड़ी कार्यकर्ता के पद पर प्रोन्नत किया जाएगा। इसके बाद बचे हुए रिक्त पदों पर नए आवेदन लेकर नियुक्तियां की जाएंगी। विभागीय सूत्रों की मानें तो अक्तूबर में शर्त पूरी करने वाली सहायिकाएं आंगनबॉड़ी कार्यकर्ता के पद पर प्रोन्नत की जा सकती हैं। गौरतलब है कि इससे पहले भी चयन प्रक्रिया शुरू हुई थी, लेकिन आरक्षण समेत तमाम अड़चनों के बाद इसे रोक दिया गया। अब नए सिरे से चयन प्रक्रिया कराई जा रही है। आंगनबाड़ी केंद्रों के रिक्त पदों में कार्यकर्ताओं की तैनाती होने से विभाग की योजनाओं में आ रही समस्याओं को दूर करने में आसानी हो जाएगी।
सहायिका से कार्यकर्ता पद पर प्रोन्नति की प्रमुख शर्तें-
-सहायिका की उम्र 50 वर्ष से कम हो।
-सहायिका की न्यूनतम शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट हो।
सहायिका पद पर न्यूनतम पांच साल की सेवा पूरी कर चुकी हो।
वर्जन
जिले में आंगनबॉड़ी कार्यकर्ता के 421 पद रिक्त हैं। रिक्तियों का समस्त डाटा आरक्षण वार पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है। प्रथम चरण में सहायिकाओं को प्रोन्नत कर आंगनबाड़ी के रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी।
शरद कुमार त्रिपाठी
जिला कार्यक्रम अधिकारी