BEDHADAK NEWS

BedhadakNews.in

रायबरेली में चौकीदार की चाकुओं से गोदकर निर्मम हत्या

खीरों थाना क्षेत्र में दुकनहा गांव स्थित ईट भट्ठे पर बदमाशों ने बोला हमला, दो लाख रुपये लूटकर हुए फरार

लखनऊ। रायबरेली में बदमाशों ने रविवार की रात एक ईंट भट्ठे पर चौकीदार की चाकू से गोद कर निर्मम हत्या करके आलमारी में रखे नकद दो लाख रुपए लूट कर फरार हो गए। तड़के भट्ठे पर पहुंचे एक ट्रैक्टर चालक द्वारा घटना की जानकारी भट्ठा मालिक को दी गई। भट्ठा मालिक की सूचना पर पुलिसबल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे थानाध्यक्ष ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया। लेकिन परिजनों ने पुलिस को घटना का राजफाश करने और हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग करते हुए शव उठाने से मना कर दिया। थानाध्यक्ष द्वारा पारिवारीजनों को आश्वासन दिया। लगभग तीन घंटे बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर सैकड़ो ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी ने ट्रैक्टर चालक, भट्ठा मालिक तथा ग्रामीणों से घटना के बारे में गहन पूछताछ की और थानाध्यक्ष को घटना की जांच कर शीघ्र राजफाश करने का निर्देश दिया। । घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल व्याप्त है।ञ

 घटना से आसपास के गांवों में दहशत का माहौल, पुलिस बल के साथ पहुंचे एसपी

अजीतपुर निवासी आसू सिंह दुकनहा गांव के पास ब्यूटी बिक्र फील्ड के नाम से एक ईंट भट्ठा संचालित करते हैं। इसी भट्ठे पर अजीतपुर का ही निवासी छंगालाल (65) पुत्र स्व० सुखई पासवान लगभग तीन वर्षों से चौकीदारी करता है। रोज की तरह छंगालाल रविवार की रात में भट्ठे में चारपाई पर लेटा हुआ था। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने ईंट भट्ठे पर पहुंचकर पहले चाकू से गोदकर छंगालाल की निर्मम हत्या कर दी। उसके बाद कार्यालय के कमरे का ताला तोड़कर अलमारी में रखे दो लाख से अधिक नकद लूटकर भाग गए। फिरोजाबाद गांव निवासी ट्रैक्टर चालक मलखान को ट्रैक्टर ट्राली में ईंट लादकर लखनऊ ले जाना था। रात लगभग तीन बजे मलखान ने भट्ठे पर पहुंचकर चौकीदार छंगालाल को आवाज़ लगाई। लेकिन जवाब न मिलने पर वह कार्यालय पर पहुंचा तो छंगालाल को लहू लुहान मृत अवस्था में चारपाई पर पड़ा देखा। उसने तत्काल घटना की सूचना भट्ठा मालिक आसू सिंह को दी। आसू सिंह ने भट्ठे पर पहुंचकर घटना से पुलिस को अवगत कराया। कुछ ही देर में थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह भदौरिया भी पुलिसबल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे।

 

घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

घटना की सूचना क्षेत्र में जंगल में आग की तरह फैल गई और भट्टे पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह भदौरिया ने जब शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया तो पारिवारीजन हत्यारों को गिरफ्तार कर घटना का राजफाश करने की मांग करने लगे और शव को उठाने से मना कर दिया। पारिवारीजनों को पुलिस द्वारा आश्वासन देने पर तीन घंटे बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी आलोक प्रियदर्शी और सीओ महिपाल पाठक ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर घटना की जांच की और ट्रैक्टर चालक मलखान तथा ईंट भट्ठा मालिक आसू सिंह और अन्य ग्रामीणों से घटना के बारे में गहन पूछताछ की। साथ ही एसपी ने थाना प्रभारी खीरों को घटना की जांच कर शीघ्र राजफाश करने के निर्देश दिए। एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया  कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शीघ्र ही घटना के दोषी सलाखों के पीछे होंगे।