BEDHADAK NEWS

BedhadakNews.in

इजराइल में फंसे 18 हजार भारतीय, एक नर्स घायल

रमल्ला: फिलिस्तीनी चरमपंथी समूह हमास की ओर से दागे गए रॉकेट में इजराइली शहर अश्कलोन में नर्स के तौर पर काम करने वाली एक भारतीय महिला जख्मी हो गई है। सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि महिला की पहचान केरल की शीजा आनंद के तौर पर हुई है और शनिवार को हुए हमले में उनका हाथ और पैर जख्मी हो गया था तथा उनका नजदीकी अस्पताल में तत्काल इलाज किया गया।
उन्होंने बताया कि महिला को बाद में दूसरे अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया और उनकी हालत स्थिर है। भारतीय मिशन ने मदद के लिए उनसे संपर्क किया है और वह केरल के कन्नूर जिले में रहने वाले उनके परिवार के संपर्क में है। दूतावास के एक सूत्र ने बताया, उनके परिवार को सूचित कर दिया गया है और हम शीजा और उनके परिवार के लगातार संपर्क में हैं।
इजराइल में 18 हजार भारतीय, सभी सुरक्षित
तेल अवीव स्थित भारतीय दूतावास के मुताबिक, इजराइल में 18,000 भारतीय रह रहे हैं। फिलहाल सभी सुरक्षित हैं। इजराइल पहुंचे भारतीय पर्यटकों ने दूतावास से सुरक्षित निकाले जाने की अपील की है।
सूत्रों ने बताया कि फिलहाल चिंता की कोई बात नहीं है। गाजा पट्टी पर शासन करने वाले हमास ने शनिवार सुबह अचानक से इज़राइल पर हमला कर दिया था। इजराइल में सैनिकों समेत कम से कम 700 लोगों की मौत हो गई है और 2100 से ज्यादा लोग जख्मी हुए हैं। यह कम से कम 50 साल में इजराइल के लिए सबसे घातक दिन है। मीडिया में आई खबरों के मुताबिक, इजराइल के जवाबी हमलों में गाजा पट्टी में करीब 500 लोगों की मौत हुई है और दो हजार से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।