BEDHADAK NEWS

BedhadakNews.in

प्रदेश के दो लाख शिक्षकों को मिलेगा टैबलेट

 

– प्रदेश में 209863 और लखनऊ मंडल में 26574 होंगे वितरित, यूपी डेस्को को मिली जिम्मेदारी

 

शशांक सिंह राठौर

रायबरेली : परिषदीय विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रदेश सरकार ने टैबलेट को हरी झंडी दे दी है। इस संबंध में महानिदेशक की ओर से सभी जनपदों के बीएसए को पत्र भेज दिया गया है। इतना ही नहीं टैबलेट के उचित रखरखाव के साथ वितरण और प्रशिक्षण को लेकर विभागीय स्तर पर तैयारी भी शुरू कर दी गई है। प्रदेश में दो लाख नौ हजार 863 शिक्षकों को टैबलेट दिया जाएगा। इसको लेकर विभागीय स्तर पर पूरा खाका बना लिया गया है।

 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बेसिक शिक्षा विभाग में संचालित योजनाओं की प्रगति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। अब तक प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में आमूलचूल परिवर्तन करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाये गये हैं, जिनके अच्छे परिणाम मिले हैं। पिछले वर्षां में प्रदेश में बेसिक शिक्षा परिषद तथा माध्यमिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में एक लाख 64 हजार से अधिक शिक्षकों की भर्ती की गयी है। अकेले 11 हजार करोड़ रुपये परिषदीय विद्यालयों के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने में खर्च किये गए हैं। इसके कारण बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ रही है। बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या लगभग एक करोड़ 34 लाख से बढ़कर एक करोड़ 91 लाख से अधिक हो गयी है। इस संख्या को और बढ़ाने के साथ ही ड्रॉप आउट को नियंत्रित किये जाने की आवश्यकता है। इसके लिए अभिभावकों से संवाद तथा तकनीक का प्रयोग किया जाना चाहिए। डिजिटल लर्निंग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में संसाधनों की उपलब्धता आवश्यक है। ऐसे में प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों को टैबलेट उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए शिक्षकों की ट्रेनिंग भी कराई जाए।

लर्निंग रिसोर्स पैकेज के अंतर्गत परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों के उपयोग के लिए चयनित परिषदीय विद्यालयों में टैबलेट क्रय के लिए अनुमोदन प्राप्त हो गया है। शासन स्तर पर नामित टेक्निकल पार्टनर यूपी डेस्को लखनऊ द्वारा जेम पाेर्टल के माध्यम से निविदाओं का चयन करने का अधिकार दिया गया है। साथ ही महानिदेशक स्कूल शिक्षा ने प्रदेश के सभी बीएसए को दिशा निर्देश से संबंधित पत्र भी जारी कर दिया गया है। इसमें टैबलेट मिलने की स्थिति में किसी प्रकार की क्षति से बचाव के लिए सीसीटीवी, सुरक्षा गार्ड आदि के इंतजाम करने को कहा गया है। प्रदेश के 99744 परिषदीय विद्यालयों में दो-दो टैबलेट, जबकि 10375 में एक-एक टैबलेट दिया जाना है। जिन परिषदीय विद्यालयों में दो टेबलेट दिए जाने हैं, वहां पर प्रधानाध्यापक और वरिष्ठतम शिक्षक को चुना गया जाएगा। प्रदेश में दो लाख नौ हजार 863 खरीदे जाएंगे। इसमें लखनऊ मंडल के लखनऊ, रायबरेली, हरदोई, सीतापुर, उन्नाव और लखीमपुर खीरी में 26574 शिक्षकों को टैबलेट देने की तैयारी है।

 

इनसेट

रायबरेली को मिलेंगे सैमसंग कंपनी के 3762 टैबलेट

अब प्रत्येक परिषदीय स्कूल को टेबलेट दिए जाएंगे। इसकी मदद से विद्यार्थियों की उपस्थिति के साथ-साथ योजनाओं की बेहतर ढंग से निगरानी हो सकेगी। अभी इन स्कूलों में उपस्थिति, मिड डे मील, पाठ्य-पुस्तक वितरण, पत्र व्यवहार व रखरखाव आदि के रजिस्टर डिजिटल रूप में उपलब्ध रहेंगे। विभिन्न योजनाओं का किन-किन विद्यार्थियों को लाभ मिला, इसका रियल टाइम डाटा उपलब्ध हो सकेगा।स्कूलों के रजिस्टर तो डिजिटल रूप में उपलब्ध रहेंगे ही बल्कि शिक्षकों को इसके माध्यम से ऑनलाइन पाठ्य सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। सरल एप सहित कई जरूरी एप इस पर मौजूद रहेंगे। लखनऊ मंडल के सभी जिलों में सैमसंग कंपनी के टैबलेट होंगे।

लखनऊ मंडल में शामिल जनपद और टैबलेट

हरदोई – 5212लखीमपुर खीरी – 5023

लखनऊ – 2440

रायबरेली – 3762

सीतापुर – 5765

उन्नाव – 4372

कुल – 26574

प्रदेश – 209863