– गोंडा-अयोध्या हाईवे की घटना, दो की हालत गंभीर
– हादसे के बाद चालक के नियंत्रण से बाहर हुई वैन पेड़ से टकरायी
शशांक सिंह राठौर
लखनऊ : गोंडा
गोंडा में सड़क के किनारे काल बनकर आई वैन ने पांच लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इतना ही वैन की रफ्तार इतनी तेज थी कि सबको कुचलते हुए पेड़ से जा टकराई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। उनका जिला अस्पताल गोंडा में इलाज चल रहा है। पुलिस ने वैन और चालक को कब्जे में ले लिया है।
घटना मंगलवार सुबह की है। गोंडा-अयोध्या हाइवे पर दूधनाथ मंदिर के समीप नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला इमामबाड़ा निवासी जन्नत अली, मोहम्मद इसहाक, सफीकुननिशा और बाईपास मुन्नन खां चौराहा निवासी मोहम्मद नईम सड़क के किनारे खड़े थे। सभी बकरी के चारे के लिए पत्ती खरीदने निकले थे। उनके पास में ही नगर कोतवाली के छेदीपुरवा निवासी राम मिलन (79) भी खड़े थे। इसी बीच चौक बाजार की तरफ से अयोध्या की तरफ जा रही एक वैन अचानक अनियंत्रित होकर सभी को रौंदते हुए सड़क किनारे एक पेड़ से जाकर टकरा गयी। इसमें जन्नत अली और मोहम्मद नईम की मौके पर ही मौत हो गयी। मोहम्मद इसहाक, सफीकुन्निशा व राममिलन गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में चीख पुकार मच गयी। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची नगर कोतवाली व पांडेय बाजार चौकी के पुलिस कर्मियों ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां सभी का इलाज चल रहा है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है। साथ ही वैन व उसके चालक को हिरासत में ले लिया गया है। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही वैन को भी कब्जे में कर लिया गया है।

More Stories
मटिहा के मैदान में चमके टेनिस के सितारे, मेजर निर्भय चैंपियन
ईटीएफ मास्टर टेनिस चैंपियन बने नितिन और सुनील
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने फहराया तिरंगा, राष्ट्रगान की गूंज के साथ दी सलामी