BEDHADAK NEWS

BedhadakNews.in

सरकार आपके द्वार के उद्देश्यों को डीएम ने किया साकार

जिलाधिकारी ने समाधान शिविर में संवाद कर समस्याओं का किया निदान

 

दिलीप सिंह 

रायबरेली। विशेष जन-संपर्क एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत अहिया रायपुर मलिन बस्ती में “सरकार आपके द्वार” अभियान के तहत जन समस्या समाधान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने बस्ती का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया।

 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बस्ती में निवास कर रहे लोगों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं के संबंध में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने पेयजल, स्वच्छता, जल निकासी, आवास, विद्युत आपूर्ति एवं स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता की समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बस्ती में साफ-सफाई की व्यवस्था सुदृढ़ रखी जाए तथा जलभराव एवं कूड़ा निस्तारण की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निरीक्षण के दौरान यह भी निर्देश दिए कि सभी पात्र परिवारों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से आच्छादित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे, इसके लिए विशेष अभियान चलाकर शत-प्रतिशत संतृप्ति सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न की जाए तथा सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका स्वर्ण सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।