तालाब पर कब्जा करने से रोका, दबंगों ने सभासद व परिजनों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा
रायबरेली। जब शिकायत करने वाला ही निशाने पर आ जाए, तो सवाल सिर्फ अपराधियों पर नहीं, व्यवस्था की जवाबदेही पर भी खड़े होते हैं। वार्ड संख्या-5 खसपरी की महिला सभासद द्वारा तालाब पर कथित अतिक्रमण की शिकायत करना इतना भारी पड़ जाएगा, शायद उन्होंने भी नहीं सोचा होगा। नगर पालिका में शिकायत के महज एक दिन बाद महिला सभासद पर कथित रूप से दबंगों द्वारा हमला किए जाने और फिर तीन दिन बाद उनके परिजनों को दौड़ा-दौड़ाकर दिनदहाड़े पीटने की घटना ने मिल एरिया क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले में किरकिरी होती देख पुलिस ने पांच तालाब पर कब्जा करने से रोका, दबंगों ने सभासद व परिजनों को दौड़ा दौड़ा कर पीटा नामजद और 10-12 अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
वायरल वीडियो ने खोली मिल एरिया पुलिस की निष्क्रियता की पोल, खुलेआम उड़ी कानून की धज्जियां
पीड़ित सभासद सुनीता पाल के अनुसार गांव चकधौरा स्थित एक तालाब, जिसमें पूरे गांव के जल निकासी की व्यवस्था है, उस पर कथित रूप से संतोष पुत्र परमेश्वर द्वारा अतिक्रमण किया गया है। इस संबंध में उन्होंने 5 जून को नगर पालिका में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि शिकायत से नाराज होकर 6 जून को दोपहर में वह अपने चाचा के घर के बाहर बैठी थीं, तभी दर्जन भर लोग लाठी-डंडों से लैस होकर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए हमला बोल दिया। किसी तरह जान बचाकर भागने पर उनकी जान बच सकी। आरोप है कि जाते-जाते हमलावरों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता का कहना है कि घटना की सूचना पुलिस को दी गई थी। इसके बावजूद कथित आरोपियों के हौसले इतने बुलंद रहे कि 9 जून की सुबह फिर से हमला हो गया।
आरोप है कि इस बार सभासद के देवर सुनील को सागर प्लाई फैक्ट्री के पास रोककर लाठी-डंडों से पीटा गया। सूचना मिलने पर सभासद अपने पति और ननद के साथ बचाने पहुंचीं तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। मारपीट में सभासद और उनके देवर को गंभीर चोटें आने की बात कही जा रही है। साथ ही सभासद ने आरोप लगाया है कि हमलावर उनका मोबाइल फोन, अंगूठी और मंगलसूत्र भी छीन ले गए। मामले में मिल एरिया पुलिस ने सभासद सुनीता पाल की तहरीर पर आलोक सिंह, राकेश सिंह पुत्र राजेंद्र, संतोष कुमार, रामकुमार पुत्र परमेश्वर, अनुज पुत्र रामकुमार निवासी ग्राम धौरहरा व 10-12 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष संजय कुमार का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।
More Stories
दबंगों से पिटी सभासद, वीडियो सबूत, 112 कॉल और तहरीर फेल! पुलिस बनी मूकदर्शक
रेस्टोरेंट संचालकों को चूना लगा रहे ZOMATO, SWIGGY
साहब! कुत्तों को आराम, मरीजों का कौन है जिम्मेदार?