BEDHADAK NEWS

BedhadakNews.in

Oplus_16908288

स्वनिधि महोत्सव से पटरी कारोबारियों की राह आसान

उत्कृष्ट स्ट्रीट वेंडरों का होगा सम्मान, 30 तक निकायों में लगेंगे लोक कल्याण मेले

दिलीप सिंह

रायबरेली। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत जून माह में जिलेभर में विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य रेहड़ी-पटरी एवं फुटपाथ पर कारोबार करने वाले स्ट्रीट वेंडरों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ना है। अभियान के अंतर्गत 30 जून तक सभी नगर निकायों में लोक कल्याण मेलों का आयोजन किया जाएगा, जबकि जनपद स्तर पर एक दिवसीय स्वनिधि महोत्सव आयोजित कर उत्कृष्ट स्ट्रीट वेंडरों को सम्मानित किया जाएगा।

महोत्सव के दौरान समय से ऋण चुकाने, सर्वाधिक डिजिटल लेनदेन करने तथा अपने कारोबार का सफलतापूर्वक विस्तार करने वाले वेंडरों को सम्मानित किया जाएगा। महिला एवं दिव्यांग वेंडरों को विशेष सम्मान दिया जाएगा। वहीं उनके बच्चों को शिक्षा, खेलकूद और कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया जाएगा।

शहर मिशन प्रबंधक नेहा श्रीवास्तव ने बताया कि अभियान के तहत विभिन्न बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों द्वारा ऋण स्वीकृति एवं वितरण शिविर लगाए जाएंगे। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय चरण के ऋण के लिए आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। द्वितीय चरण का ऋण प्राप्त कर चुके पात्र वेंडरों को क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने के लिए आवेदन कराए जाएंगे तथा उसके उपयोग का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए डिजिटल पेमेंट एग्रीगेटरों की ओर से लाइव डेमो, डिजिटल ऑनबोर्डिंग अभियान और क्यूआर कोड वितरण कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। इसके अलावा वित्तीय साक्षरता, व्यवसायिक कौशल विकास, खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता एवं डिजिटल साक्षरता से जुड़े प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित होंगे।

सामुदायिक आयोजक कुलदीप सिंह ने बताया कि स्वनिधि महोत्सव के दौरान स्ट्रीट फूड फेस्टिवल, स्वनिधि बाजार, स्थानीय व्यंजन एवं हस्तशिल्प प्रदर्शनी, स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की बिक्री, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। साथ ही सफल वेंडरों की प्रेरक कहानियों को भी प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे अन्य लोग भी योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित हो सकें।

सूदखोरों के चंगुल से मिली राहत

योजना शुरू होने से पहले अधिकांश पटरी व्यापारी सीमित पूंजी के सहारे अपना कारोबार चलाते थे। आर्थिक तंगी या कारोबार में मंदी आने पर उन्हें ऊंचे ब्याज पर निजी उधार लेना पड़ता था। बैंक से आसानी से ऋण न मिलने के कारण उनकी कमाई का बड़ा हिस्सा ब्याज चुकाने में खर्च हो जाता था। ऐसी स्थिति को बदलने के लिए प्रधानमंत्री Narendra Modi ने 1 जून 2020 को पीएम स्वनिधि योजना की शुरुआत की थी। योजना के माध्यम से अब हजारों स्ट्रीट वेंडरों को सुलभ ऋण उपलब्ध हो रहा है, जिससे उनके कारोबार को नई दिशा मिली है।

 

“सभी नगर निकायों को आयोजन संबंधी आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। यह अभियान स्ट्रीट वेंडरों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ ही उन्हें विभिन्न योजनाओं से जोड़ने और उनके कारोबार को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।”

शशि कुमार मल्होत्रा, परियोजना अधिकारी, डूडा