आन लाइन फूड डिलीवरी के विरोध में उतरे रेस्टोरेंट संचालक

दिलीप सिंह
रायबरेली। Zomato और Swiggy रेस्टोरेंट संचालकों को खूब चूना लगा रहे हैं। एक और जहाँ उपभोक्ताओं को लुभावने ऑफर देकर आकर्षित कर रहे हैं। वही इससे बेखबर रेस्टोरेंट संचालक अब विरोध में आने का मन बना लिया है। आन लाइन फूड डिलीवरी के नाम पर मनमानी और गुमराह करने का आरोप लगाते हुए रेस्टोरेंट संचालकों ने मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ रायबरेली (रार) ने अलंकृता रिज़ॉर्ट में पत्रकारों से वार्ता करते हुए बताया कि ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म्स द्वारा अपनाई जा रही अनधिकृत छूट (डिस्काउंट), अत्यधिक छूट अभियानों ओर अन्य अनुचित व्यापारिक प्रथाओं के कारण स्थानीय रेस्टोरेंट्स के सामने गंभीर चुनौतियों उत्पन्र होती जा रही है। यदि इसका निदान नहीं किया गया तो हम सभी इसका आन लाइन डिलीवरी का बहिष्कार करेंगे।

खुद कमीशन लेकर कारोबार कर रहे प्रभावित – गौरव
एसोसिएशन के अध्यक्ष गौरव अग्रवाल ने बताया कि ऐसी प्रथाओं का स्थानीय रेस्टोरेंट्स, विशेष रूप से छोटे और मध्यम स्तर के प्रतिष्ठानों की स्थिरता और लाभप्रदता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। रेस्टोरेंट मालिकों ने चिंता जताई कि कई बार उनकी उचित सहमति के बिना ही छूट प्रदर्शित की जाती है, जिससे बाजार में अस्वस्थ परिस्थितियाँ उत्पन्न होती हैं और निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा प्रभावित होती है। एसोसिएशन ने इस बात पर जोर दिया कि रेस्टोरेंट्स स्थानीय अर्थव्यवस्था, रोजगार सृजन और कर राजस्व में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उन्होंने कहा कि आन लाइन फूड डिलीवरी दो प्रमुख संस्थाओं द्वारा 32 प्रतिशत तक कमीशन लिया जाता है। इसके बाद वह खुद ही खाद्य सामग्रियों में आफर दे देती है। इसका पता हमें काफी देर बाद चलता है। इससे रेस्टोरेंट का संचालन कराना मुश्किल हो रहा है। आन लाइन फूड डिलीवरी के नाम पर धोखाधड़ी हो रही है। इसका हम सभी विरोध करेंगे। यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आन लाइन फूड डिलीवरी का बहिष्कार कर दिया जाएगा।

Zomato और Swiggy बिना अनुमति के दे रहे हैं छूट – अरोड़ा
सचिव बलदीप अरोड़ा ने बताया की ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स से पारदर्शिता बनाए रखने, किसी भी प्रकार की छूट देने से पहले उचित अनुमति प्राप्त करने तथा सभी हितधारकों के लिए एक निष्पक्ष और संतुलित व्यावसायिक वातावरण सुनिश्चित करने का आग्रह किया। सभी पदाधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों, नीति-निर्माताओं और प्लेटफॉर्म संचालकों से स्थानीय रेस्टोरेंट्स के हितों की रक्षा करने तथा रायबरेली के खाद्य सेवा उद्योग के विकास को समर्थन देने के लिए उचित कदम उठाने की अपील की। एसोसिएशन ने इन महत्वपूर्ण मुद्दों को जनसामान्य तक पहुँचाने में सहयोग और समर्थन की अपील किया। इस मौके पर कोषाध्यक्ष ऋषभ सिंह, मीडिया प्रभारी यश श्रीवास्तव, प्रभाकर गुप्ता, राघवेंद्र, हर्षित, अमित, उमैर, आलोक सहित कई संचालक मौजूद रहे।
More Stories
साहब! कुत्तों को आराम, मरीजों का कौन है जिम्मेदार?
जिला महिला अस्पताल के डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों ने दिया प्रकृति संरक्षण का संदेश
टूटी खिड़कियों से वार्डों में घुस रही मच्छरों की फौज