जिले में 1,247 स्कूली वाहन पोर्टल पर ऑनबोर्ड, 290 वाहनों की फिटनेस पूरी

दिलीप सिंह
रायबरेली। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर जिले में एआरटीओ विभाग की ओर से वाहनों की फिटनेस और स्कूली वाहनों की जांच का विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। बच्चों की सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही ना हो इसके लिए स्कूल संचालकों को पहले ही वाहनों के फिटनेस संबंधित निर्देश दिए जा चुके हैं। वहीं एआरटीओ प्रशासन अरविंद कुमार यादव के नेतृत्व में बीते करीब 70 दिनों में 800 वाहनों की फिटनेस जांच पूरी की गई है। अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को मजबूत करना और परिवहन नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना है।
एआरटीओ प्रशासन ने बताया कि फिटनेस अभियान के साथ-साथ विभाग की प्रवर्तन एवं प्रशासनिक टीम ने जिले के विभिन्न विद्यालयों में पहुंचकर स्कूली वाहनों का सत्यापन किया। इस दौरान 1,247 स्कूली वाहनों को पोर्टल पर ऑनबोर्ड किया गया। वहीं लगभग 900 वाहनों का भौतिक निरीक्षण कर 290 वाहनों की फिटनेस प्रक्रिया पूरी की गई। जिन वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों की कमी मिली, उन्हें फिटनेस प्रमाणपत्र जारी नहीं किया गया।

मानकों को पूरा करने पर ही फिटनेस प्रमाण पत्र – अरविंद
एआरटीओ प्रशासन अरविंद कुमार यादव ने बताया कि किसी भी स्कूली वाहन को सीसीटीवी कैमरा, सुरक्षा जाली, प्राथमिक उपचार किट, अग्निशमन यंत्र और अन्य अनिवार्य सुरक्षा मानकों के बिना फिटनेस प्रमाणपत्र नहीं दिया जा रहा है। यदि कोई स्कूल प्रबंधन या वाहन संचालक बिना फिटनेस प्रमाणपत्र के वाहन का संचालन करते पाया जाता है तो संबंधित वाहन को सीज करने सहित नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। एआरटीओ प्रशासन ने कहा कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और सड़क सुरक्षा के मानकों से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।

गोरा बाजार मैदान में होता फिटनेस
एआरटीओ बताया कि गोराबाजार मैदान स्थित फिटनेस केंद्र पर वह स्वयं नियमित रूप से मौजूद रहकर वाहनों की जांच की निगरानी करते हैं। फिटनेस प्रक्रिया दोहरे स्तर पर अपनाई जा रही है। पहले वाहन की तकनीकी जांच फिटनेस स्थल पर की जाती है, इसके बाद कार्यालय में सभी बिंदुओं का पुनः सत्यापन कर अंतिम स्वीकृति दी जाती है। यदि किसी कारणवश वह मौके पर उपस्थित नहीं हो पाते हैं तो वीडियो कॉल के माध्यम से पूरी प्रक्रिया का निरीक्षण कर संतुष्ट होने के बाद ही फिटनेस स्वीकृत की जाती है।
More Stories
रायबरेली में हत्यारे को आजीवन कारावास की सजा
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने चंदा चोरी और गाय पर सरकार को घेरा
40 नवजात कन्याओं का मनाया गया जन्मोत्सव