BEDHADAK NEWS

BedhadakNews.in

बाइक सवारों को रौंद होटल में घुसा टैंकर, बुजुर्ग की मौत

सलोन-प्रतापगढ़ राज्यमार्ग पर तेज रफ्तार टैंकर का बस को ओवरटेक करना पड़ा भारी

गुस्साए ग्रामीणों ने चालक को वाहन से घसीटकर जमकर पीटा।

दिलीप सिंह

रायबरेली। सलोन-प्रतापगढ़ राज्यमार्ग पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार टैंकर बाइक को टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक होटल में घुस गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। वही इलाज के दौरान बुजुर्ग की मौत हो गई। दो अन्य घायलों का इलाज चल रहा है। वही दुर्घटना से नाराज ग्रामीणों ने टैंकर चालक को वाहन से घसीटकर बेरहमी से पीट दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह चालक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर अपनी हिरासत में लिया है।

कोतवाली क्षेत्र के साहबगंज बाजार स्थित अजीत सिंह का पुरवा चौराहे पर गुरुवार सुबह करीब आठ बजे प्रतापगढ़ से सलोन की तरफ जा रही एक राख ढोने वाली टैंकर ने बाइक सवार तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अनियंत्रित टैंकर सड़क किनारे बने एक होटल में चला गया। वही होटल के अंदर चाय नाश्ता कर रहे ग्राहक और संचालक किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में कामयाब रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार राज्यमार्ग पर एक बस खड़ी थी। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे बाइक सवार बस को क्रॉस कर दाहिने तरफ आगे निकलने का प्रयास कर रहे थे। तभी सामने से तेज रफ्तार टैंकर आ गई। टैंकर के बेहद करीब पहुंच जाने पर बाइक सवार ने अचानक वाहन को दूसरी तरफ मोड़ने की कोशिश की, लेकिन इसी बीच अनियंत्रित टैंकर की चपेट में आ गए और भीषण टक्कर हो गई। हादसे में मंजीत निवासी नयापुरवा गोपालपुर, राम प्यारे निवासी बहादुरपुर लालगंज आझारा जनपद प्रतापगढ़ तथा कुल्ले निवासी भटनी प्रतापगढ़ गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने टैंकर चालक को वाहन के अंदर से खींचकर बाहर निकाला और उसकी जमकर पिटाई कर दी।

सूचना मिलने पर पहुँचे विधायक अशोक कुमार ने आक्रोशित भीड़ को समझा बुझाकर उन्हें शांत कराया।इसके बाद पुलिस ने चालक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर अपनी हिरासत में ले लिया है। वहीं तीनो घायलो को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी सलोन पहुंचाया गया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान कल्लू ने दम तोड़ दिया। जबकि दो अन्य घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया।